Courtesy: X (@harpeetsubh)
नई दिल्ली: जर्मनी के डुइसबर्ग शहर से एक हैरान करने वाली घटना सामने आ रही है. इस शांत शहर में स्थित गुरुद्वारे में अचानक दहशत और अफरा-तफरी हो गई. इसके पीछे कुछ श्रद्धालुओं के बीच विवाद को बताया जा रहा है. ये विवाद कब हिंसक झड़प में बदल गया पता ही नहीं चला. धार्मिक स्थल के भीतर हुए इस टकराव ने न केवल वहां मौजूद लोगों को चौंका दिया, बल्कि पूरे इलाके में सुरक्षा को लेकर चिंता भी बढ़ा दी.
घटना के वीडियो सामने आने के बाद यह मामला तेजी से सुर्खियों में आ गया है. रिपोर्ट्स के अनुसार, इस झड़प में करीब 40 लोग शामिल थे और कम से कम 11 लोग घायल हुए. स्थिति को काबू में करने के लिए पुलिस को स्पेशल यूनिट के साथ मौके पर पहुंचना पड़ा.
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि, घटना अचानक शुरू नहीं हुई बल्कि इसके पीछे पहले से तनाव मौजूद था. जैसे ही प्रार्थना शुरू होने वाली थी, कुछ लोगों ने अचानक ब्लैक पेपर स्प्रे का इस्तेमाल किया, जिससे माहौल बिगड़ गया और देखते ही देखते झड़प शुरू हो गई.
Scenes from Gurdwara in Duisburg, Germany:
— Harpreet Official (@harpeetsubh) April 20, 2026
Sikhs fighting inside, turbans in the air, kirpans turned on each other. it started over Golak and The previous management, who lost the election, came forcefully for takeover the administration. pic.twitter.com/k6tz2rI4Aj
घटना के दौरान कृपाण और चाकू जैसे धारदार हथियारों का इस्तेमाल भी किया गया. कुछ गवाहों ने यह भी दावा किया कि एक व्यक्ति ने पिस्तौल से फायरिंग की. हालांकि, पुलिस को घटनास्थल से जो कारतूस मिले हैं, उनसे संकेत मिलता है कि संभवतः यह खाली कारतूस वाली पिस्तौल हो सकती है.
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह झगड़ा गुरुद्वारे के प्रबंधन से जुड़ा हो सकता है. खास तौर पर नए निदेशक मंडल के चुनाव और फंड के नियंत्रण को लेकर अलग-अलग गुटों के बीच लंबे समय से मतभेद चल रहे थे, जो इस हिंसा का कारण बन सकते हैं.
एक गवाह ने बताया कि हमला योजनाबद्ध लग रहा था. उनके अनुसार, जैसे ही स्प्रे का इस्तेमाल हुआ, लोगों में भगदड़ मच गई और हालात तेजी से बिगड़ते चले गए. हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी की जान नहीं गई.
घटना के बाद पुलिस ने तुरंत कार्यवाही करते एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है. घायलों का इलाज मौके पर ही मेडिकल टीम द्वारा किया गया. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान करने में जुटी है.