Courtesy: X/@Simo7809957085
वॉशिंगटन: अमेरिका की वॉशिंगटन के लॉन्गव्यू इलाके में स्थित में एक पेपर और पल्प मिल में मंगलवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया. निप्पॉन डायनावेव पैकेजिंग कंपनी की मिल के अंदर मौजूद एक विशाल केमिकल टैंक अचानक फट गया, जिसके बाद जहरीला धुआं और रसायन तेजी से आसपास फैलने लगा. हादसे में कई लोगों की मौत हो गई, जबकि कई कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के तुरंत बाद राहत-बचाव टीमों को मौके पर भेजा गया. स्थानीय प्रशासन ने इलाके को घेरकर सुरक्षा बढ़ा दी और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया.
शुरुआती जांच में सामने आया कि मिल में मौजूद एक बड़े केमिकल टैंक के अंदर अचानक अत्यधिक दबाव बन गया. दबाव इतना ज्यादा था कि टैंक अंदर की तरफ धंस गया और उसके बाद वहां खतरनाक रसायन फैलने लगे. कंपनी और प्रशासन की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, हादसे के दौरान कई कर्मचारी टैंक के आसपास काम कर रहे थे. विस्फोट जैसी स्थिति बनने के कारण कई लोग उसकी चपेट में आ गए. हालांकि प्रशासन ने अभी तक मृतकों की आधिकारिक संख्या जारी नहीं की है, लेकिन कई लोगों के गंभीर रूप से झुलसने की पुष्टि की गई है.
जिस टैंक में हादसा हुआ, उसमें 'व्हाइट लिकर' नाम का केमिकल मिश्रण रखा गया था. यह सोडियम हाइड्रॉक्साइड और सोडियम सल्फाइड जैसे बेहद तेज और खतरनाक रसायनों से मिलकर बनता है. इसका इस्तेमाल लकड़ी को प्रोसेस कर मजबूत कागज और पैकेजिंग सामग्री तैयार करने में किया जाता है. विशेषज्ञों के अनुसार, यह रसायन शरीर के संपर्क में आते ही त्वचा और सांस संबंधी गंभीर नुकसान पहुंचा सकता है.
यही कारण था कि हादसे के बाद सामान्य फायर ब्रिगेड के साथ विशेष हाजमैट टीम को भी मौके पर बुलाया गया. बचावकर्मियों ने पहले प्रभावित लोगों को केमिकल से साफ किया, उसके बाद उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया. लॉन्गव्यू फायर डिपार्टमेंट के अधिकारी माइक गोरसुच ने इस घटना को “मास कैजुअल्टी सीन” बताया. उनके अनुसार, करीब 40 फायरफाइटर, पैरामेडिक्स और केमिकल एक्सपर्ट्स ने मिलकर राहत अभियान चलाया. घायलों को लॉन्गव्यू और वैंकूवर के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया.
वहीं कई घंटों तक मलबे और प्रभावित हिस्सों की जांच जारी रही. प्रशासन ने कहा कि मृतकों की पहचान पूरी होने और उनके परिवारों को सूचना देने के बाद ही नाम सार्वजनिक किए जाएंगे. मिल के बाहर बड़ी संख्या में लोग अपने परिजनों की खबर पाने के इंतजार में खड़े दिखाई दिए. घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव और डर का माहौल बना रहा.
निप्पॉन डायनावेव पैकेजिंग कंपनी की यह मिल वॉशिंगटन राज्य की बड़ी औद्योगिक इकाइयों में शामिल मानी जाती है. यहां पेपर, टिश्यू, कप, प्लेट और पैकेजिंग से जुड़ी कई चीजों का निर्माण किया जाता है. कंपनी में लगभग एक हजार कर्मचारी काम करते हैं. हादसे के बाद मिल के आसपास सुरक्षा कड़ी कर दी गई है. हालांकि प्रशासन ने कहा है कि फिलहाल आसपास रहने वाले लोगों के लिए कोई बड़ा खतरा नहीं है, लेकिन स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है.
इस हादसे के बाद अमेरिका में औद्योगिक सुरक्षा को लेकर फिर बहस शुरू हो गई है. हाल के महीनों में कई केमिकल फैक्ट्रियों और भारी उद्योगों में इस तरह की घटनाएं सामने आई हैं. कुछ समय पहले कैलिफोर्निया में भी एक एयरोस्पेस प्लांट में केमिकल रिसाव के कारण हजारों लोगों को घर खाली करना पड़ा था. अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि आखिर इस मिल में टैंक के फटने की वजह क्या थी.