Courtesy: social media
कोलंबो: श्रीलंका की अंडर-19 पुरुष क्रिकेट टीम के दो खिलाड़ियों ने बेहद शर्मनाक हरकत कर दी है. दोनों ने होटल के बाथरूम में महिला खिलाड़ियों की वीडियो बनाने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया.
कोलंबो के नाराहेनपीटा इलाके में एक होटल में महिला खिलाड़ियों के ठहरने के दौरान यह घटना हुई. महिला खिलाड़ियों ने शिकायत की कि उनके बाथरूम में मोबाइल फोन से वीडियो रिकॉर्डिंग की जा रही थी. शिकायत मिलते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और दोनों युवा क्रिकेटरों को गिरफ्तार कर लिया.
हालांकि बाद में दोनों खिलाड़ियों को 5 लाख श्रीलंकाई रुपए के मुचलके पर जमानत (बेल) पर रिहा कर दिया गया. अब उन्हें 25 मई को अलुथकड़े मजिस्ट्रेट कोर्ट में दोबारा पेश होना होगा.
पुलिस इस मामले में आगे जांच कर रही है कि क्या बनाई गई वीडियो को ऑनलाइन कहीं शेयर भी किया गया है या नहीं. फिलहाल दोनों खिलाड़ियों पर महिला खिलाड़ियों की आपत्तिजनक वीडियो बनाने का गंभीर आरोप है.
श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड (SLC) ने इस मामले में अभी तक कोई आधिकारिक डिसिप्लिनरी कार्रवाई की घोषणा नहीं की है. बोर्ड में हाल ही में बड़ा बदलाव हुआ है. सरकार के दबाव के बाद बोर्ड के चेयरमैन समेत कई प्रमुख सदस्यों ने इस्तीफा दे दिया था.
अब एक अंतरिम ट्रांसफॉर्मेशन कमिटी बनाई गई है, जो इस मामले की भी जांच करेगी. अंडर-19 स्तर पर ऐसी घटनाएं बेहद गंभीर और शर्मनाक हैं. अगर समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में ऐसी घटनाएं बढ़ सकती हैं.
यह घटना ऐसे समय में सामने आई है जब श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड पहले से ही अंदरूनी उथल-पुथल से गुजर रहा है. मुख्य टीम अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पा रही है और खिलाड़ियों के साथ बोर्ड के रिश्ते भी तनावपूर्ण बने हुए हैं.
आईपीएल जैसे टूर्नामेंट्स के लिए नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट (NOC) देने में भी देरी की शिकायतें आ रही थी. नई अंतरिम कमिटी अब इस शर्मनाक मामले को भी देख रही है और उम्मीद की जा रही है कि दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.