menu-icon
The Bharatvarsh News

दिल्ली में कड़ाके की ठंड, 4.2°C तक गिरा तापमान, घने कोहरे से उड़ाने प्रभावित

शनिवार को दिल्ली में इस जनवरी की अब तक की सबसे ठंडी सुबह दर्ज की गई. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, आज राजधानी का न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो इस सर्दी का सबसे कम तापमान है.

Calendar Last Updated : 10 January 2026, 10:07 AM IST
Share:

नई दिल्ली: इन दिनों दिल्ली में प्रचंड ठंड से गुजर रहा है. दिल्ली में तेज ठंडी हवाओं और शीतलहर के कारण आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है. शनिवार को दिल्ली में इस जनवरी की अब तक की सबसे ठंडी सुबह दर्ज की गई. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, आज राजधानी का न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो इस सर्दी का सबसे कम तापमान है. बता दें इससे पहले शुक्रवार को दिल्ली में हल्की बारिश हुई थी जिस कारण मौसम में और ठंडक बढ़ गई थी. कोहरे और ठंड के कारण आम यातायात और हवाई परिचालन भी प्रभावित हुए. 

आईएमडी ने बताया कि रात में तापमान में और गिरावट आई और सुबह के समय ठंड काफी बढ़ गई. मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली और एनसीआर के कुछ इलाकों में आने वाले दिनों में ठंड बनी रह सकती है और सुबह देर रात घना कोहरा छाने की भी संभावना है.

दिन में भी नहीं मिली ज्यादा राहत

शुक्रवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 19.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो सामान्य से थोड़ा अधिक था. हालांकि, धूप कम निकलने के कारण दिन में भी ठंड का असर बना रहा. मौसम विभाग का कहना है कि ठंडी रातों के कारण दिन में भी इसका प्रभाव देखने को मिल रहा है. दिन में भी लोगों को ठंड से ज्यादा राहत नहीं मिली. 

कोहरे से हवाई उड़ाने प्रभावित

शनिवार सुबह दिल्ली में ठंड और घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता काफी कम हो गई थी. खासकर हवाई अड्डे के आसपास कोहरे और धुंध के कारण उड़ानों पर असर पड़ा. दिल्ली एयरपोर्ट प्रशासन ने बताया कि मौसम की स्थिति के कारण उड़ानों में देरी हुई है यहां तक की कुछ उड़ानें रद्द भी हो सकती हैं.

एयर इंडिया और इंडिगो जैसी प्रमुख एयरलाइनों ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे एयरपोर्ट जाने से पहले अपनी उड़ान की जानकारी जरूर जांच लें.

उत्तर भारत में भी बढ़ी ठंड

ठंड का असर सिर्फ दिल्ली तक ही सीमित नहीं है. ठंड का असर उत्तर भारत के राज्यों में भी देखने को मिल रहा है. पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, बिहार और मध्य प्रदेश के कई इलाकों में भी ठंड बढ़ गई है. राजस्थान में कुछ जगहों पर बहुत घना कोहरा छाने की आशंका जताई जा रही है, जिससे सड़कों और रेल यातायात पर असर पड़ सकता है.

हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी ठंड तेज हो गई है. कुछ इलाकों में पाला पड़ा है, जबकि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी और बारिश की संभावना जताई जा रही है. मौसम विभाग ने उत्तर और उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है.

सम्बंधित खबर

Recent News