होली से पहले प्रशासन का बड़ा एक्शन, 32,500 लीटर जहरीला तेल जब्त; टनभर पनीर-मिठाइयां नष्ट

होली के रंगों में कहीं मिलावट का जहर न घुल जाए, इसे लेकर उत्तर प्रदेश में प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है. त्योहार से ठीक पहले राज्यभर में छापेमारी और जांच का बड़ा अभियान चलाया जा रहा है.

Calendar
फॉलो करें:
Courtesy: Pinterest

नई दिल्ली: होली के रंगों में कहीं मिलावट का जहर न घुल जाए, इसे लेकर उत्तर प्रदेश में प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है. त्योहार से ठीक पहले राज्यभर में छापेमारी और जांच का बड़ा अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें अब तक हजारों लीटर खाद्य तेल और बड़ी मात्रा में पनीर, मावा व मिठाइयां जब्त की जा चुकी हैं. कार्रवाई ने मिलावटखोरों में हड़कंप मचा दिया है.

उत्तर प्रदेश खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने यह राज्यव्यापी अभियान इसलिए शुरू किया है क्योंकि होली के दौरान डेयरी उत्पादों और मिठाइयों की मांग अचानक बढ़ जाती है. ऐसे समय में मिलावटी सामान बाजार में आने की आशंका ज्यादा रहती है. विभाग का कहना है कि लोगों को सुरक्षित और शुद्ध खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना ही इस विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य है.

हापुड़ में तेल की बड़ी खेप जब्त

इस निरीक्षण अभियान के दौरान हापुड़ में उत्पादन और भंडारण इकाइयों से 32,500 लीटर संदिग्ध मिलावटी खाद्य तेल जब्त किया गया. अधिकारियों ने सभी नमूनों को प्रयोगशाला जांच के लिए भेज दिया है. राज्यभर में अब तक करीब 30,000 यूनिट खाद्य तेल अलग-अलग जिलों से बरामद किए जा चुके हैं. 

पनीर और मावा पर सख्त कार्रवाई

गौतम बुद्ध नगर के तिलपाता क्षेत्र में 200 किलोग्राम मिलावटी पनीर को नष्ट किया गया. वहीं सहारनपुर के रामपुर मनिहारन में 6.30 क्विंटल संदिग्ध पनीर जब्त हुआ. गाजियाबाद में महज 72 घंटों के अंदर 2,500 किलोग्राम पनीर और 200 किलोग्राम मावा को जांच में अनुपयुक्त पाए जाने पर नष्ट कर दिया गया. इन सबके बाद प्रशासन अब और कड़े तरीके से जांच कर रही है.

स्वीट्स मैन्युफैक्चरिंग यूनिट पर छापा

इस कार्यवाही में आगे संभल में एक रसगुल्ला बनाने वाली यूनिट पर छापा मार गया जिसमें करीब 225 किलोग्राम मिठाइयां नष्ट की गईं. बाराबंकी में निरीक्षण के दौरान खोया, दूध, नमकीन और रंगीन कचरी समेत छह नमूने लिए गए हैं, जिनकी रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्यवाही होगी. 

इन अभियान के दौरान अब विभाग और प्रशासन ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे त्योहार के दौरान केवल भरोसेमंद दुकानों से ही खरीदारी करें और किसी भी संदिग्ध खाद्य पदार्थ की शिकायत तुरंत प्रशासन को दें.

Tags :