menu-icon
The Bharatvarsh News

फिल्म सिटी के सेट पर लगी भीषण आग! AICWA ने की उच्च स्तरीय जांच की मांग

AICWA के आधिकारिक एक्स पोस्ट के अनुसार, यह आग सुबह 7 बजे शुरू होने वाली शूटिंग से दो घंटे पहले लगी. आग इतनी भीषण थी कि टीवी सीरियल 'अनुपमा' का सेट पूरी तरह नष्ट हो गया. घटना के समय सेट पर कई कर्मचारी और क्रू मेंबर मौजूद थे, जो शूटिंग की तैयारियों में जुटे थे. सौभाग्य से सभी सुरक्षित बच निकले.

Calendar Last Updated : 23 June 2025, 11:18 AM IST
Share:

Fire Mumbai Film City: मुंबई के गोरेगांव स्थित फिल्म सिटी में आज सुबह 5 बजे एक टीवी सीरियल के सेट पर भीषण आग लग गई. हालांकि इस हादसे में किसी तरह की हताहत की खबर नहीं है. दमकल विभाग तुरंत घटनास्थल पर पहुंच कर आग पर काबू पा लिया है. आग कैसे लगी इस बात की जांच शुरु कर दी गई है. ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) ने इस घटना पर गंभीर चिंता जताई है और उच्च स्तरीय जांच की मांग की है.

AICWA के आधिकारिक एक्स पोस्ट के अनुसार, यह आग सुबह 7 बजे शुरू होने वाली शूटिंग से दो घंटे पहले लगी. आग इतनी भीषण थी कि टीवी सीरियल 'अनुपमा' का सेट पूरी तरह नष्ट हो गया. घटना के समय सेट पर कई कर्मचारी और क्रू मेंबर मौजूद थे, जो शूटिंग की तैयारियों में जुटे थे. सौभाग्य से सभी सुरक्षित बच निकले. आस-पास के अन्य सेट भी आग की चपेट में आने से बाल-बाल बचे.

AICWA ने की कड़ी कार्रवाई की मांग

AICWA के अध्यक्ष सुरेश श्यामलाल गुप्ता ने इस हादसे को गंभीर बताया. उन्होंने कहा कि यह बेहद चिंताजनक है कि इतना बड़ा हादसा हो सकता था. आस-पास के सेट भी खतरे में थे. उन्होंने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से इस मामले की न्यायिक जांच कराने की अपील की. साथ ही, उन्होंने मुंबई के श्रम आयुक्त और फिल्म सिटी के प्रबंध निदेशक को तत्काल निलंबित करने की मांग की. गुप्ता ने आरोप लगाया कि सुरक्षा नियमों की अनदेखी के कारण यह हादसा हुआ.

AICWA ने निर्माताओं, प्रोडक्शन कंपनी, टेलीविजन नेटवर्क, फिल्म सिटी प्रबंधन और श्रम आयुक्त के खिलाफ आपराधिक मुकदमा दर्ज करने की मांग की है. संगठन का कहना है कि अनिवार्य अग्नि सुरक्षा नियमों का पालन नहीं किया जा रहा. इससे हजारों कर्मचारियों की जान जोखिम में पड़ रही है. गुप्ता ने कहा कि निर्माताओं को सुरक्षा नियमों का पालन करने के लिए बाध्य करना होगा. उनकी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

जांच और सुरक्षा पर सवाल

यह पहली बार नहीं है जब फिल्म सिटी में आग लगने की घटना हुई हो. पहले भी कई बार छोटे-बड़े हादसे हो चुके हैं. AICWA ने चेतावनी दी कि अगर सुरक्षा मानकों को सख्त नहीं किया गया, तो भविष्य में और बड़े हादसे हो सकते हैं. फिलहाल पुलिस और दमकल विभाग आग के कारणों की जांच कर रहे हैं. प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, लेकिन अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई. इस घटना ने फिल्म उद्योग में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. कर्मचारियों और क्रू मेंबर्स में डर का माहौल है. AICWA ने सरकार से तुरंत कदम उठाने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों. 

सम्बंधित खबर

Recent News