Courtesy: X
रणवीर सिंह स्टारर एक्शन-थ्रिलर फिल्म धुरंधर दिसंबर 2025 में रिलीज होने के बाद से ही दर्शकों के दिलों पर राज कर रही है. फिल्म के जबरदस्त एक्शन के साथ-साथ इसका चार्टबस्टर गाना शरारत सोशल मीडिया पर छाया हुआ है, लेकिन क्या आप जानते हैं कि फिल्म के डायरेक्टर आदित्य धर इस गाने को फिल्म में रखने के सख्त खिलाफ थे.
हाल ही में आदित्य धर ने एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इस हिट गाने के पीछे की दिलचस्प कहानी शेयर की है और इसके लिए मशहूर कोरियोग्राफर विजय गांगुली को पूरा क्रेडिट दिया है. दिग्गज फिल्ममेकर अनिल गांगुली के बेटे और अनुपमा फेम रुपाली गांगुली के भाई, विजय गांगुली आज इंडस्ट्री के टॉप कोरियोग्राफर्स में गिने जाते हैं. आदित्य धर की इस पोस्ट के बाद फैंस दोनों की इस दमदार जोड़ी की जमकर सराहना कर रहे हैं.
आदित्य धर ने इंस्टाग्राम पर विजय गांगुली के साथ एक अनदेखी तस्वीर साझा करते हुए एक लंबा और इमोशनल नोट लिखा. उन्होंने खुलासा किया कि वह फिल्म में लिप-सिंक डांस ट्रैक रखने को लेकर बिल्कुल भी कॉन्फिडेंट नहीं थे. आदित्य ने लिखा, "मुझे आज भी 'शरारत' को लेकर हुई वह बातचीत याद है. मैं पूरी तरह से डरा हुआ था, लेकिन तभी विजय ने मुस्कुराते हुए कहा- 'चलिए सर, इसे ट्राई करते हैं, बहुत मजा आएगा.' विजय की उस एक छोटी सी लाइन ने मुझे और म्यूजिक कंपोजर शाश्वत को वह कॉन्फिडेंस दिया, जिसकी हमें जरूरत थी. आज यह गाना फिल्म में मेरा सबसे पसंदीदा हिस्सा बन चुका है."
आदित्य ने विजय के काम करने के तरीके की जमकर तारीफ की. उन्होंने बताया कि विजय सिर्फ संगीत सुनते नहीं हैं, बल्कि उसे गहराई से महसूस करते हैं और फिर उस इमोशन को विजुअल में ढाल देते हैं. आदित्य के मुताबिक, "धुरंधर के सेट पर सबसे हैरान करने वाली बात यह थी कि विजय का विजन एक डायरेक्टर की तरह है, जिसने मेरा काम बेहद आसान कर दिया." मुश्किल दिनों में भी विजय की बच्चों जैसी मुस्कान सेट के माहौल को खुशनुमा बना देती थी.
बता दें कि शरारत गाने में आयशा खान और क्रिस्टल डिसूजा ने अपने कातिलाना डांस मूव्स से आग लगा दी है. शाश्वत सचदेव के धांसू संगीत और जैस्मीन सैंडलस व मधुबंती बागची की शानदार आवाज ने इसे पार्टी एंथम बना दिया है. इसके अलावा फिल्म में दिदी और अक्षय खन्ना के हाई-एनर्जी ट्रैक फा9ला में भी विजय की कोरियोग्राफी ने जान फूंकी है.