Courtesy: ANI
नई दिल्ली: कॉमेडी फिल्मों की बात हो और अक्षय कुमार व प्रियदर्शन की जोड़ी का जिक्र न हो, ऐसा होना मुश्किल है. सालों से इस जोड़ी ने दर्शकों को हंसी से लोटपोट करने वाली कई यादगार फिल्में दी हैं. अब दोनों एक बार फिर अपनी नई फिल्म भूत बंगला के साथ दर्शकों के बीच लौट रहे हैं, जिससे फैंस की उम्मीदें काफी बढ़ गई हैं.
यह फिल्म 16 अप्रैल को रिलीज हो रही है और इसके प्रीव्यू शो रात 9 बजे से शुरू किए गए हैं. फिल्म में कॉमेडी के साथ-साथ सस्पेंस और हल्की-फुल्की डरावनी झलक भी देखने को मिलेगी. इसके साथ ही एक बार फिर यह जोड़ी बॉक्स ऑफिस पर अपना जादू चलाने की कोशिश करेगी.
अक्षय कुमार और प्रियदर्शन की साझेदारी की शुरुआत हेरा फेरी से हुई थी, जिसने रिलीज के बाद जबरदस्त लोकप्रियता हासिल की. इसके बाद गरम मसाला और भागम भाग जैसी फिल्मों ने भी बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया और दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया. उन फिल्मों की सफलता को देखते हुए अब ये सफल जोड़ी एक बार फिर से दर्शकों का मनोरंजन करने आई है.
इस जोड़ी की सबसे सफल फिल्मों में भूल भुलैया का नाम प्रमुखता से लिया जाता है, जिसने कमाई के साथ-साथ दर्शकों के दिलों में भी खास जगह बनाई थी. दोनों की इस फिल्म का कोई रिकॉर्ड नहीं है. इसके बाद दे दना दन और खट्टा मीठा ने भी बॉक्सऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन किया था.
इन सभी फिल्मों ने मिलकर यह साबित किया कि अक्षय-प्रियदर्शन की जोड़ी दर्शकों की पसंद को बखूबी समझती है. उनकी फिल्मों में हल्की-फुल्की कॉमेडी, मजबूत किरदार और मनोरंजक कहानी का सही संतुलन देखने को मिलता है, जो बॉक्स ऑफिस पर सफलता की गारंटी बन जाता है. अब अगर अक्षय-प्रियदर्शन की इन फिल्मों के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन की बात करें तो-
हेरा फेरी (2000): 12.35 करोड़ रुपये
गरम मसाला (2005): 29.02 करोड़ रुपये नेट
भागम भाग (2006): 40.25 करोड़ रुपये नेट
भूल भुलैया (2007): 49.11 करोड़ रुपये नेट
दे दना दन (2009): 48.08 करोड़ रुपये नेट
खट्टा मीठा (2010): 38.67 करोड़ रुपये नेट
नई फिल्म ‘भूत बंगला’ में कॉमेडी के साथ उलझनों से भरी कहानी और मजेदार किरदार देखने को मिलेंगे. फिल्म का निर्माण बालाजी मोशन पिक्चर्स और केप ऑफ गुड फिल्म्स ने किया है. इसमें अक्षय कुमार के साथ वामिका गब्बी, तब्बू, परेश रावल, असरानी, जिस्सू सेनगुप्ता और मिथिला पालकर जैसे कलाकार नजर आएंगे.