Courtesy: ANI
नई दिल्ली: हॉरर और कॉमेडी का अनोखा मिश्रण लेकर आई भूत बंगला ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार शुरुआत करते हुए दर्शकों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है. लंबे समय बाद अक्षय कुमार और प्रियदर्शन की जोड़ी ने बॉक्सऑफिस पर वापसी की है, और ऐसा लगता है कि दर्शक इस कॉम्बिनेशन को एक बार फिर पसंद कर रहे हैं.
फिल्म 17 अप्रैल 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई, जबकि इसके पेड प्रीव्यू 16 अप्रैल की रात से शुरू हो गए थे. पहले दिन फिल्म ने 12.25 करोड़ रुपये की कमाई की, जबकि प्रीव्यू से 3.75 करोड़ रुपये पहले ही जुटा लिए थे. अब सबकी नजर दूसरे दिन के प्रदर्शन पर थी, जिसने फिल्म की पकड़ को और मजबूत किया.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म ने दूसरे दिन यानी शनिवार को लगभग 19 करोड़ रुपये का कारोबार किया. इस तरह दो दिनों में इसका कुल कलेक्शन 35 करोड़ रुपये तक पहुंच गया. यह इशारा करता है कि वीकेंड पर फिल्म को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है. और अब रविवार को दर्शकों के इस रिस्पॉन्स की ही उम्मीद है.
दूसरे दिन फिल्म की 11,513 शो में औसत ऑक्यूपेंसी करीब 29% रही. हिंदी वर्जन में कुल दर्शक उपस्थिति लगभग 33.87% दर्ज की गई. सबसे ज्यादा भीड़ रात के शो में देखने को मिली, जहां ऑक्यूपेंसी 50% से अधिक रही, जबकि सुबह के शो में दर्शकों की संख्या सबसे कम रही.
फिल्म में अक्षय कुमार के अलावा परेश रावल, राजपाल यादव, तब्बू, असरानी, मिथिला पालकर और वामिका गब्बी जैसे कलाकार नजर आ रहे हैं. मजबूत स्टार कास्ट फिल्म की सफलता में अहम योगदान दे रही है.
अक्षय और प्रियदर्शन की जोड़ी को फैंस की सबसे पसंदीदा जोड़ियों में से एक माना जाता है. इस जोड़ी ने कई सुपरहिट फिल्में दी हैं जिन्होंने बॉक्सऑफिस पर धमाल मचा दिया था. आखिरी बार इस जोड़ी ने खट्टा मीठा में साथ काम किया था. अब 14 साल बाद उनकी वापसी दर्शकों के लिए खास बन गई है, और इसका असर बॉक्स ऑफिस पर भी देखने को मिल रहा है.
वर्क फ्रंट की बात करें तो अक्षय कुमार आने वाले समय में कई बड़ी फिल्मों में नजर आने वाले हैं. इनमें ‘हैवान’, ‘गोलमाल 5’ और ‘वेलकम टू द जंगल’ शामिल हैं. हाल ही में वह जॉली एलएलबी 3 में भी दिखाई दिए थे.