Nobel Peace Prize 2025: नॉर्वे के ओस्लो में प्रतिष्ठित नोबेल शांति पुरस्कार की घोषणा आज, 10 अक्टूबर 2025 को होगी. नॉर्वेजियन नोबेल समिति इस पुरस्कार को प्रदान करेगी. इस बार समिति को 338 नामांकन मिले हैं, जिनमें 244 व्यक्ति और 94 संगठन शामिल हैं. घोषणा दोपहर 2:30 बजे (IST) होगी.
नोबेल शांति पुरस्कार 2025 की घोषणा सुबह 11 बजे (CEST) यानी दोपहर 2:30 बजे (IST) होगी. नॉर्वेजियन नोबेल समिति के अध्यक्ष जोर्गेन वाटने फ्राइडनेस ओस्लो के नॉर्वेजियन नोबेल संस्थान में विजेता का नाम घोषित करेंगे. इस समारोह को पूरी दुनिया नोबेल पुरस्कार के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर लाइव देख सकेगी.
नोबेल शांति पुरस्कार का फैसला नॉर्वेजियन नोबेल समिति के पांच सदस्य करते हैं. इनमें समिति के अध्यक्ष जोर्गेन वाटने फ्राइडनेस (मानवाधिकार अधिवक्ता), असले तोजे (विदेश नीति विशेषज्ञ), ऐनी एंगर (नॉर्वे की पूर्व कार्यवाहक प्रधानमंत्री), क्रिस्टिन क्लेमेट (नॉर्वे की पूर्व शिक्षा मंत्री) और ग्री लार्सन (नॉर्वे के पूर्व विदेश सचिव) शामिल हैं. इस समिति की नियुक्ति नॉर्वे की सर्वोच्च विधायिका स्टॉर्टिंग (169 सदस्य) द्वारा की गई है. इस बार चर्चा है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इस पुरस्कार के लिए प्रबल दावेदार हो सकते हैं. ट्रंप ने दावा किया है कि उन्होंने भारत-पाकिस्तान तनाव सहित कई संघर्षों को सुलझाया और सात युद्धों को समाप्त किया. इनमें कुछ युद्ध 31 से 36 साल तक चले. ट्रंप को इज़राइल, पाकिस्तान, अज़रबैजान, आर्मेनिया, थाईलैंड और कंबोडिया जैसे देशों ने इस पुरस्कार के लिए नामित किया है. ट्रंप ने कहा कि मैंने सात अपूरणीय युद्ध समाप्त किए, जिनमें हज़ारों लोग मारे जा रहे थे. हालांकि, अंतिम फैसला समिति के हाथ में है.
नोबेल शांति पुरस्कार 2025 के विजेता को एक खास पदक मिलेगा, जिसे नॉर्वेजियन मूर्तिकार गुस्ताव विगलैंड ने डिज़ाइन किया है. इस पदक पर डॉ. अल्फ्रेड नोबेल की तस्वीर होगी. इसके साथ ही विजेता को 1.1 करोड़ स्वीडिश क्राउन (लगभग 8.8 करोड़ रुपये) की पुरस्कार राशि दी जाएगी. यह उन लोगों या संगठनों को दिया जाता है, जिन्होंने शांति, मानवता और भाईचारे के लिए असाधारण काम किया हो. इस बार 338 नामांकनों के साथ यह पुरस्कार और भी खास हो गया है. पूरी दुनिया की निगाहें आज की घोषणा पर टिकी हैं.