Courtesy: X @iNishant4
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को इटली पहुंचे. यह उनकी पांच देशों की यात्रा का आखिरी चरण है. इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने उन्हें गर्मजोशी से स्वागत किया. पीएम मोदी के साथ मेलोनी ने सोशल मीडिया पर एक फोटो शेयर करते हुए लिखा, “रोम में आपका स्वागत है, मेरे दोस्त”
पीएम मोदी का इटली में भव्य स्वागत हुआ. यहां वे इटली के राष्ट्रपति सर्जियो मट्टारेला से मुलाकात करेंगे और प्रधानमंत्री मेलोनी के साथ विस्तृत बातचीत करेंगे। यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच मजबूत साझेदारी पर चर्चा होगी. प्रधानमंत्री शाम को भारत वापसी करेंगे.
प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर लिखा कि यह यात्रा भारत-मध्य पूर्व-यूरोप आर्थिक गलियारे (IMEC) के जरिए दोनों देशों के सहयोग को नई ऊंचाई देने का मौका है. उन्होंने कहा, “रोम, इटली पहुंच गया हूं. मैं राष्ट्रपति सर्जियो मट्टारेला और प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी से मुलाकात करूंगा.”
दोनों नेता भारत-इटली संबंधों को और मजबूत करने पर चर्चा करेंगे. खासतौर पर IMEC साझेदारी को बढ़ावा देने और संयुक्त रणनीतिक कार्य योजना 2025-2029 की समीक्षा पर फोकस रहेगा. यह योजना व्यापार, निवेश, रक्षा, स्वच्छ ऊर्जा, नवाचार और प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने का रोडमैप है.
पीएम मोदी खाद्य एवं कृषि संगठन (FAO) के मुख्यालय भी जाएंगे. यहां वे बहुपक्षीय सहयोग और वैश्विक खाद्य सुरक्षा के प्रति भारत की मजबूत प्रतिबद्धता दोहराएंगे। यह यात्रा सतत खाद्य प्रणाली और कृषि विकास में भारत की बढ़ती भूमिका को दिखाती है.
भारत और इटली के बीच संबंध लगातार मजबूत हो रहे हैं. वर्ष 2025 में दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार 16.77 अरब डॉलर तक पहुंच गया. अप्रैल 2000 से सितंबर 2025 तक इटली का भारत में कुल प्रत्यक्ष विदेशी निवेश 3.66 अरब डॉलर रहा है.
यह पीएम मोदी की इटली की पहली द्विपक्षीय यात्रा है. इससे पहले वे 2024 में G7 शिखर सम्मेलन और तीन साल पहले G20 शिखर सम्मेलन के लिए इटली गए थे.
इस यात्रा से दोनों देशों के बीच नए सहयोग के रास्ते खुलेंगे. यह दौरा न केवल द्विपक्षीय संबंधों को गति देगा बल्कि IMEC जैसे बड़े प्रोजेक्ट के जरिए क्षेत्रीय कनेक्टिविटी और आर्थिक विकास को भी बढ़ावा देगा.