Courtesy: ANI
नई दिल्ली: सेलेब्रिटीज के घरों की झलक हमेशा लोगों के लिए खास आकर्षण का केंद्र होती है, और जब इसमें दिलचस्प किस्से और अनोखी सजावट जुड़ जाए तो बात ही अलग हो जाती है. हाल ही में मशहूर कोरियोग्राफर और फिल्म निर्माता फराह खान ने अपने यूट्यूब व्लॉग में दर्शकों को एक ऐसे ही खास घर की सैर कराई, जिसने सभी का ध्यान खींच लिया.
इस बार फराह अपने कुक दिलीप के साथ भोजपुरी सुपरस्टार और सांसद मनोज तिवारी के दिल्ली स्थित आलीशान घर पहुंचीं. इस घर में आधुनिकता और परंपरा का अनोखा संगम देखने को मिला. बातचीत के दौरान माहौल काफी दोस्ताना रहा और घर के हर कोने में एक अलग कहानी छिपी नजर आई.
मनोज तिवारी के घर का लॉन बहुत ही अट्रैक्टिव है, जहां कांच की बड़ी-बड़ी दीवारें और स्टाइलिश लाइटिंग इसे एक आधुनिक लुक देती हैं. बड़े ग्लास डोर और सजावटी पौधे इस जगह को और भी खूबसूरत बनाते हैं.
मनोज तिवारी के घर की सबसे खास बात यह थी कि उन आलीशान बंगले के अलग-अलग कमरे के नाम हैं, जिन्हें भारत के प्रमुख शहरों और स्थानों के आधार पर रखा गया है. यह नाम उनके जीवन और करियर के अनुभवों को दर्शाते हैं.
तिवारी के कश्मीर थीम वाला कमरा बेहद शांत और खूबसूरत है. हल्के हरे रंग के सोफे, लकड़ी की टेबल और पारंपरिक फ्लोर लैंप इसे खास बनाते हैं. बड़ी खिड़कियां और सजावटी कलाकृतियां इसकी सुंदरता को और बढ़ाती हैं.
अब बाकी घर के बारे में बात की जाए तो घर में एक खुला जिम भी है, जो प्रकृति के बीच बनाया गया है. इसके अलावा, विशाल बगीचे में कई तरह के पेड़-पौधे लगाए गए हैं. एक खास कमरे में ऐतिहासिक हथियारों का कलेक्शन भी रखा गया है, जिसमें सैकड़ों तलवारें शामिल हैं.
इसी दौरान फराह खान ने पूरे घर का दौरा करते हुए किचन में भी अपना समय बिताया. इस दौरान उन्होंने बिग बॉस 4 के दिनों को याद किया, जिसमें मनोज तिवारी भी नजर आए थे. आधुनिक सुविधाओं से सजी यह रसोई घर का अहम हिस्सा है. अंत में सभी ने मिलकर बगीचे में खाने का आनंद उठाया. मनोज तिवारी का खूबसूरत घर देखकर रह जाएंगे हैरान! फराह खान पहुंची मनोज तिवारी के घर, शहरों के नाम वाले थीम रूम्स ने सबको कर दिया मंत्रमुग्ध