Courtesy: X
टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) की नासिक इकाई में काम करने वाली एक महिला ने दिल दहला देने वाला खुलासा किया है. उसने पांच सहकर्मियों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. आरोप है कि जून 2025 से मार्च 2026 तक उसे लगातार यौन उत्पीड़न, छेड़छाड़ और स्टॉकिंग का सामना करना पड़ा. एक टीम लीडर ने उसकी शादी पर सवाल उठाए तो दूसरे ने 'शारीरिक जरूरतें पूरी करने' की बात कही. एक आरोपी ने उसके धर्म पर टिप्पणी करते हुए कहा कि 'तुम्हारे धर्म में महिलाओं के साथ ऐसा इसलिए होता है क्योंकि वो बुर्का नहीं पहनतीं'. महिला ने नौकरी जाने के डर से यह सब सहन किया.
पीड़िता ने बताया कि वह 20 जून 2025 को टीसीएस में असोसिएट बनी और 24 जून से उसने शाहरुख कुरैशी के अंडर में ट्रेनिंग शुरू की. इस दौरान लोन डिपार्टमेंट का टीम लीडर रजा मेमन का ट्रेनिंग रूम में आना शुरू हो गया. पीड़िता ने बताया कि उसका कोई औपचारिक रोल नहीं था, बावजूद इसके वो रोज आता. मेनन ने उससे पूछा, 'जब आपके पति शहर से बाहर होते हैं तब आप अकेले कैसे रह लेती हो? डर नहीं लगता? कुछ चाहिए तो बताना, मैं कभी भी मदद को तैयार हूं.' उसने उसकी शादी को लेकर सवाल उठाए और पूछा कि 'लव मैरिज है या अरेंज'. मेमन ने उसे 'प्लेयर' नाम का निकनेम दे दिया और बार-बार इसी नाम से पुकारता था. एक दिन उनने करीब आकर कहा, 'अगर मैं तुम्हारे पति की जगह होता, तो तुम्हें अकेला नहीं छोड़ता.'
पीड़िता ने बताया कि सितंबर 2025 में जब ट्रेनिंग खत्म हुई तो उसे प्रोडक्शन रोल मिला. यहां आसिफ अंसारी नाम का सहकर्मी उसके पास बैठने लगा. पीड़िता के मुताबिक, वो जानबूझकर उसे छूता, हाथ पकड़ने की कोशिश करता, जांघ या कंधे पर हाथ रखता. एक बार उसने जबरदस्ती उसे गले लगा लिया. पीड़िता के शादीशुदा होने का पता होने के बावजूद उसने कहा, 'क्या तुम मुझे पसंद नहीं करती? मैं तुम्हारे पति से ज्यादा हैंडसम हूं. मेरे साथ चलो... कुछ होगा तो किसी को पता नहीं चलेगा.' सबसे हैरान करने वाली बात ये थी जब उसने कहा, 'अगर कोई शारीरिक जरूरत हो तो मैं पूरी कर दूंगा.'
तुम्हारे ब्लाउज का डिजाइन अच्छा है
पीड़िता के मुताबिक, आसिफ अंसारी ने धार्मिक टिप्पणियां भी कीं. उसने कहा, 'तुम्हारे धर्म में महिलाओं के साथ ऐसा इसलिए होता है क्योंकि वो बुर्का नहीं पहनतीं' और हिंदू देवताओं पर भी आपत्तिजनक टिप्पणी की. मकर संक्रांति पर उसने उसकी साड़ी पर कहा, 'तुम्हारे ब्लाउज का डिजाइन अच्छा है. अगर लेस हटा दी जाए तो पूरा शो हो जाए.' गुढी पाडवा के दिन रजा मेमन ने पीछे से उसकी साड़ी खींच ली. जब वो मुड़ी तो वो साड़ी पकड़े गंदे अंदाज में मुस्कुरा रहा था. तौसिफ अत्तार नाम के एक अन्य सहकर्मी पर भी आरोप है कि वो रोज उसके डेस्क पर आता, खाना लाता और डबल मीनिंग बातें करता. ऑफिस के बाद सिखाने के बहाने वो उसके गाल से गाल मिलाता, कंधे और जांघों पर हाथ फेरता. इन आरोपों के बाद टीसीएस ने सभी आरोपियों को निलंबित कर दिया है और मामले की जांच जारी है.