menu-icon
The Bharatvarsh News

पंजाब निकाय चुनाव में चला आम आदमी पार्टी का जादू, 2027 से पहले 'सेमीफाइनल' में मान सरकार पर जनता ने लगाई मुहर

पंजाब निकाय चुनाव 2026 में आम आदमी पार्टी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विपक्ष को बड़ा झटका दिया है. नगर निगम, नगर कौंसिल और पंचायत चुनावों में मिली बढ़त को 2027 विधानसभा चुनाव से पहले का बड़ा राजनीतिक संकेत माना जा रहा है. मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में पार्टी गांवों से लेकर शहरों तक मजबूत पकड़ बनाती नजर आ रही है.

Calendar Last Updated : 29 May 2026, 12:39 PM IST
Share:

चंडीगढ़: पंजाब निकाय चुनाव 2026 के नतीजों ने राज्य की राजनीति में बड़ा संदेश दे दिया है. नगर निगम, नगर कौंसिल और पंचायत चुनावों में आम आदमी पार्टी को मिल रहा जबरदस्त जनसमर्थन यह साफ संकेत दे रहा है कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और उनकी सरकार की नीतियों पर जनता का भरोसा लगातार मजबूत हुआ है. राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक, इन चुनावों को 2027 विधानसभा चुनाव से पहले का “सेमीफाइनल” माना जा रहा है और फिलहाल आम आदमी पार्टी इसमें बड़ी बढ़त बनाती दिखाई दे रही है.

अब तक सामने आए परिणामों के अनुसार, 480 वार्डों में से आम आदमी पार्टी ने 225 सीटों पर जीत दर्ज कर ली है. वहीं कांग्रेस 85 सीटों पर सिमटती दिख रही है. शिरोमणि अकाली दल को 71 सीटें मिली हैं, जबकि भाजपा केवल 15 सीटों तक सीमित नजर आ रही है. इन आंकड़ों ने साफ कर दिया है कि पंजाब की राजनीति में विपक्ष की पकड़ लगातार कमजोर हो रही है, जबकि आम आदमी पार्टी गांवों से लेकर शहरों तक अपनी पकड़ मजबूत करने में सफल रही है.

गिद्दड़बाहा से आया सबसे बड़ा राजनीतिक संदेश

निकाय चुनावों में सबसे बड़ा राजनीतिक संदेश गिद्दड़बाहा से निकलकर आया है. कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष राजा वडिंग के गढ़ माने जाने वाले इस इलाके में आम आदमी पार्टी ने जबरदस्त प्रदर्शन किया है. यहां 19 वार्डों में से अब तक गिने गए 13 के 13 वार्डों में आम आदमी पार्टी ने जीत हासिल कर ली है.

राजनीतिक जानकार इसे कांग्रेस के लिए केवल चुनावी हार नहीं बल्कि जनता का बड़ा राजनीतिक संदेश मान रहे हैं. माना जा रहा है कि मतदाता अब पारंपरिक राजनीति से आगे बढ़कर नए विकल्पों और विकास आधारित राजनीति को प्राथमिकता दे रहे हैं.

धूरी में AAP का लगभग क्लीन स्वीप

मुख्यमंत्री भगवंत मान के गृह क्षेत्र धूरी में भी आम आदमी पार्टी का दबदबा साफ दिखाई दिया. यहां पार्टी ने 21 में से 20 सीटों पर जीत दर्ज कर लगभग क्लीन स्वीप कर दिया.

यह परिणाम इस बात का संकेत माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के क्षेत्र में जनता का भरोसा पहले से अधिक मजबूत हुआ है. इसी तरह हरियाना नगर काउंसिल में भी आम आदमी पार्टी ने 11 में से 7 सीटें जीतकर बहुमत हासिल किया, जबकि कांग्रेस और भाजपा पीछे रह गईं.

नाभा नगर कौंसिल में भी मजबूत हुई पकड़

नाभा नगर कौंसिल के नतीजों में भी आम आदमी पार्टी का बढ़ता जनाधार साफ दिखाई दिया. यहां पार्टी ने 12 में से 6 सीटों पर जीत दर्ज कर सबसे बड़ी राजनीतिक ताकत के रूप में खुद को स्थापित किया.

भाजपा, अकाली दल और कांग्रेस मिलकर भी वह प्रभाव नहीं छोड़ सके, जो आम आदमी पार्टी अकेले बनाती दिखाई दी.

मान सरकार की योजनाओं का दिखा असर

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि पिछले चार वर्षों में बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य, भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई, रोजगार और जनकल्याण योजनाओं को लेकर मान सरकार द्वारा किए गए काम का असर अब जमीनी स्तर पर दिखाई देने लगा है.

इसी वजह से विपक्षी दल जनता के बीच अपनी विश्वसनीयता खोते नजर आ रहे हैं. इन चुनावों में मतदाताओं ने यह संकेत दिया है कि वे केवल आरोप-प्रत्यारोप नहीं बल्कि विकास और काम की राजनीति चाहते हैं.

कांग्रेस, अकाली दल और भाजपा के लिए चेतावनी

निकाय चुनावों के नतीजे कांग्रेस, अकाली दल और भाजपा तीनों दलों के लिए गंभीर चेतावनी माने जा रहे हैं. पंजाब की राजनीति पर वर्षों तक प्रभाव रखने वाले ये दल अब कई क्षेत्रों में तीसरे और चौथे स्थान के लिए संघर्ष करते दिखाई दे रहे हैं.

जनता के बीच यह धारणा मजबूत हुई है कि पारंपरिक दलों ने लंबे समय तक पंजाब को वादों और परिवारवाद की राजनीति में उलझाए रखा, जबकि आम आदमी पार्टी ने व्यवस्था परिवर्तन और विकास के एजेंडे को आगे बढ़ाया.

मालवा और सरहिंद क्षेत्र से भी मजबूत संकेत

मालवा और सरहिंद क्षेत्रों से आ रहे रुझान भी आम आदमी पार्टी के पक्ष में मजबूत माहौल का संकेत दे रहे हैं. बठिंडा में पार्टी 80 से अधिक वार्डों में बढ़त बनाए हुए है.

यदि यही रुझान अंतिम नतीजों में बदलते हैं तो यह पंजाब की राजनीति में आम आदमी पार्टी के लिए एक और ऐतिहासिक उपलब्धि मानी जाएगी.

2027 से पहले जनता का बड़ा संकेत

निकाय चुनावों के परिणामों ने यह साफ कर दिया है कि पंजाब की जनता ने 2027 विधानसभा चुनाव से पहले अपना शुरुआती रुख दिखाना शुरू कर दिया है. मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व और आम आदमी पार्टी की नीतियों को जनता का समर्थन लगातार बढ़ता दिखाई दे रहा है.

वहीं कांग्रेस, अकाली दल और भाजपा के सामने अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर जनता उनसे लगातार दूरी क्यों बना रही है.

फिलहाल पंजाब के इस राजनीतिक “सेमीफाइनल” में एक ही संदेश सबसे ज्यादा सुनाई दे रहा है- 'काम बोलता है', और राज्य में आम आदमी पार्टी का जनाधार लगातार मजबूत होता नजर आ रहा है.

सम्बंधित खबर

Recent News