menu-icon
The Bharatvarsh News

भारी भीड़ के कारण बड़ा हादसा! मुंबई लोकल ट्रेन से गिरकर तीन की मौत

सेंट्रल रेलवे ने एक बयान में कहा कि ट्रेन में अत्यधिक भीड़ होने के ठाणे जिले में लोकल ट्रेन से कई यात्री गिर गए, जिसकी वजह से कई लोगों की जान चली गई.

Calendar Last Updated : 09 June 2025, 12:15 PM IST
Share:

Maharashtra Local Train Accident: महाराष्ट्र लोकल ट्रेन में एक एक्सीडेंट के कारण तीन लोगों की मौत हो गई, वहीं 6 लोग घायल हो गए. सेंट्रल रेलवे ने एक बयान में कहा कि ट्रेन में अत्यधिक भीड़ होने के कारण यात्री गिरे. 

हादसा मुंब्रा और दिवा स्टेशनों के बीच फास्ट लाइन रेलवे ट्रैक पर हुआ. पुलिस के मुताबिक, भीड़भरी लोकल ट्रेन से कुछ यात्री गिर गए. उसी समय बगल की पटरी से एक मेल/एक्सप्रेस ट्रेन गुजर रही थी. इससे हादसा और गंभीर हो गया. ठाणे जीआरपी की वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक अर्चना दुसाने ने बताया कि तीन यात्रियों की मौत की आशंका थी, लेकिन बाद में चार मौतों की पुष्टि हुई.

रेलवे ने दी जानकारी 

रेलवे प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया गया. सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि घायलों को कसारा जाने वाली ट्रेन के गार्ड ने पटरियों पर घायल यात्रियों को देखा. उन्होंने तुरंत नियंत्रण कक्ष को सूचना दी. इस हादसे के कारण मुंब्रा और आसपास की लोकल ट्रेन सेवाएं प्रभावित हुईं. यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा. रेलवे प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए तुरंत कदम उठाए. ट्रैक को खाली कराने और सेवाएं सामान्य करने के प्रयास किए गए. 

घटना की जांच शुरू

अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि यात्री किस ट्रेन से गिरे. लेकिन जांच शुरू कर दी गई है. प्रारंभिक जांच में ट्रेन में अत्यधिक भीड़ को हादसे की मुख्य वजह बताया जा रहा है. भीड़भाड़ के कारण यात्रियों का संतुलन बिगड़ा और वे ट्रेन से गिर गए. रेलवे अधिकारियों ने कहा कि जांच पूरी होने पर हादसे के सटीक कारणों का पता चलेगा. यह हादसा लोकल ट्रेनों में बढ़ती भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाता है. मुंबई और ठाणे की लोकल ट्रेनें अक्सर भीड़ से भरी रहती हैं. यात्रियों को दरवाजे पर लटककर यात्रा करनी पड़ती है. जिसकी वजह से खतरा बढ़ जाता है. विशेषज्ञों का कहना है कि रेलवे को भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए.रेलवे प्रशासन ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई है.

सम्बंधित खबर

Recent News