menu-icon
The Bharatvarsh News

पंजाब के पटाखा फैक्ट्री में बड़ा विस्फोट! पांच प्रवासी मजदूरों की मौत, कई घायल

पंजाब के मुक्तसर जिले के पटाखा फैक्ट्री में भीषण आग की खबर मिली है. इस हादसे में पांच लोगों की जान चली गई. वहीं 29 लोग घायल होगए हैं. मामले की जांच की जा रही है और बचाव कार्य जारी है.

Calendar Last Updated : 30 May 2025, 10:24 AM IST
Share:

Punjab Blast: पंजाब के मुक्तसर जिले के सिंघेवाला गांव में गुरुवार तड़के एक पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट हुआ. इस हादसे में पांच प्रवासी मजदूरों की जान चली गई, वहीं 29 अन्य मजदूर घायल हो गए. यह विस्फोट रात करीब 1 बजे हुआ. इससे पूरी फैक्ट्री ढह गई. यह फैक्ट्री हरियाणा सीमा के पास स्थित थी. यहां पटाखों का उत्पादन और पैकेजिंग का काम होता था.  

मुक्तसर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अखिल चौधरी ने बताया कि विस्फोट का कारण अभी स्पष्ट नहीं है. प्रारंभिक जांच में लगता है कि विस्फोट के बाद इमारत ढह गई. इससे भारी नुकसान हुआ. चौधरी ने कहा कि मौतें आग से नहीं, बल्कि इमारत के ढहने से हुईं. पुलिस और प्रशासन इसकी गहन जांच कर रहे हैं.  

बचाव कार्य में तेजी

विस्फोट के बाद जिला प्रशासन ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया. आपातकालीन सेवाएं और बचाव दल घटनास्थल पर पहुंचे. लंबी के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) जसपाल सिंह ने बताया कि मलबे से पांच शव बरामद किए गए. सभी मृतक प्रवासी मजदूर थे. 29 घायल मजदूरों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया. घायलों का इलाज बठिंडा के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) और मुक्तसर के स्थानीय अस्पतालों में चल रहा है. सभी घायल पुरुष प्रवासी मजदूर हैं. विस्फोट के कई घंटे बाद भी बचाव कार्य जारी रहा. बचाव दल मलबा हटाने और फंसे लोगों की तलाश में जुटे रहे. जिला प्रशासन ने पूरे ऑपरेशन को समन्वित किया. स्थानीय लोगों और अधिकारियों ने मिलकर राहत कार्यों में सहयोग किया. प्रशासन ने प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है. 

प्रवासी मजदूरों की स्थिति चिंताजनक

यह फैक्ट्री मुख्य रूप से प्रवासी मजदूरों को रोजगार देती थी. ये मजदूर पटाखों के उत्पादन और पैकेजिंग में लगे थे. हादसे ने प्रवासी मजदूरों की सुरक्षा और कामकाजी परिस्थितियों पर सवाल उठाए हैं. प्रशासन से ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सख्त कदम उठाने की मांग की जा रही है. पुलिस और प्रशासन विस्फोट के कारणों की जांच कर रहे हैं. अभी तक यह साफ नहीं हुआ कि विस्फोट रासायनिक प्रतिक्रिया, लापरवाही या किसी अन्य कारण से हुआ. अधिकारियों ने फैक्ट्री के मालिकों और प्रबंधन से पूछताछ शुरू की है. 

सम्बंधित खबर

Recent News