menu-icon
The Bharatvarsh News

दिन में पिता ने कराया समझौता, रात में बेटी की मौत; ग्रेटर नोएडा में दहेज हत्या का सनसनीखेज आरोप

ग्रेटर नोएडा वेस्ट के जलपुरा गांव में शादीशुदा महिला दीपिका नागर की संदिग्ध मौत से सनसनी फैल गई है. उसके परिवार ने दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया है. पिता का दावा है कि वह दिन में अपनी बेटी को समझाकर लौटा और रात में उसे उसकी मौत की खबर मिली.

Calendar Last Updated : 19 May 2026, 08:55 AM IST
Share:

ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा वेस्ट के जलपुरा गांव से दहेज हत्या का एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया. आरोप है कि विवाहिता दीपिका नागर को शादी के बाद से ही लग्जरी कार और 50 लाख रुपये की मांग को लेकर प्रताड़ित किया जा रहा था. परिजनों का दावा है कि मांग पूरी न होने पर उसकी हत्या कर शव को तीसरी मंजिल से नीचे फेंक दिया गया.

मृतका के पिता संजय नागर ने बताया कि उनकी बेटी ने घटना वाले दिन फोन कर मारपीट और दहेज प्रताड़ना की जानकारी दी थी. पिता दिन में बेटी के ससुराल पहुंचे, समझौता कराया और लौट आए, लेकिन रात होते-होते दीपिका की मौत की खबर आ गई. पुलिस ने मामले में दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर पति और ससुर को गिरफ्तार कर लिया है.

दिसंबर 2024 में हुई थी शादी

पुलिस के अनुसार कुड़ी खेड़ा गांव निवासी संजय नागर ने अपनी 24 वर्षीय बेटी दीपिका नागर की शादी 11 दिसंबर 2024 को जलपुरा गांव निवासी रितिक के साथ की थी. परिजनों का कहना है कि शादी में करीब एक करोड़ रुपये खर्च किए गए थे. इसके बावजूद ससुराल पक्ष लगातार फॉर्च्यूनर कार और 50 लाख रुपये की अतिरिक्त मांग कर रहा था.

बेटी ने फोन कर बताया था झगड़ा हो रहा है

पिता संजय नागर ने बताया कि 17 मई को दीपिका ने उन्हें फोन कर कहा था कि ससुराल वाले उसके साथ मारपीट कर रहे हैं और दहेज की मांग कर रहे हैं. इसके बाद वह एक रिश्तेदार के साथ बेटी के ससुराल पहुंचे और सभी को समझाया. ससुराल पक्ष ने भरोसा दिया कि आगे से ऐसा कुछ नहीं होगा.

हत्या के बाद तीसरी मंजिल से शव को फेंका

पिता ने आरोप लगाया है कि उनकी बेटी की हत्या कर शव को तीसरी मंजिल से नीचे फेंका गया. उन्होंने पति, ससुर समेत सात लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस ने आरोपी पति रितिक और ससुर मनोज को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं

पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है. इसके चलते बिसरा सुरक्षित रखकर जांच के लिए लैब भेजा गया है. रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की सही वजह सामने आ सकेगी.

सम्बंधित खबर

Recent News