Courtesy: social media
नई दिल्ली: कैलाश मानसरोवर यात्रा के इच्छुक श्रद्धालुओं के लिए खुशखबरी है. विदेश मंत्रालय ने इस वर्ष की पवित्र कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है. आइए जानते हैं कैसे आप इसका आवेदन कर सकते हैं.
विदेश मंत्रालय और चीन सरकार के सहयोग से इस साल कैलाश मानसरोवर यात्रा जून से अगस्त के बीच आयोजित की जाएगी. इस प्रकार कुल 20 दलों में 1000 श्रद्धालु इस यात्रा में शामिल हो सकेंगे. इस बार दो रास्तों से यात्रा का आयोजन होगा.
उत्तराखंड से लिपुलेख दर्रे के रास्ते 50 यात्रियों के 10 दल
सिक्किम से नाथू ला दर्रे के रास्ते 50 यात्रियों के 10 दल
आवेदन की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन है. इच्छुक उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट kmy.gov.in पर जा सकते हैं. वहां रजिस्ट्रेशन करके लॉगिन करना होगा और अपना आवेदन फॉर्म भरकर जमा करना होगा. यात्रियों का चयन पूरी तरह निष्पक्ष, कंप्यूटर आधारित रैंडम लॉटरी सिस्टम से होगा. चयन प्रक्रिया में जेंडर बैलेंस का भी ध्यान रखा जाएगा.
आवेदक एक रूट या दोनों रूट (लिपुलेख और नाथू ला) चुन सकते हैं और अपनी प्राथमिकता भी दर्ज कर सकते हैं. पूरी प्रक्रिया कंप्यूटरीकृत होने के कारण अब किसी को भी पत्र या फैक्स भेजने की जरूरत नहीं है. वेबसाइट पर उपलब्ध फीडबैक विकल्प से श्रद्धालु अपनी राय दे सकते हैं या यात्रा को बेहतर बनाने के सुझाव दे सकते हैं.
ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की अंतिम तारीख 19 मई 2026 है. इसके बाद कोई भी आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा. इसलिए इच्छुक श्रद्धालुओं को जल्द से जल्द आवेदन कर देना चाहिए.
कैलाश मानसरोवर यात्रा भारतीय संस्कृति, आस्था और आध्यात्मिकता का अनुपम प्रतीक है. तिब्बत में स्थित कैलाश पर्वत और मानसरोवर झील को हिंदू, बौद्ध, जैन और बोन धर्म के अनुयायी अत्यंत पवित्र मानते हैं.
यह यात्रा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि आत्मिक शांति पाने और प्रकृति के अद्भुत सौंदर्य का अनुभव करने का भी एक अनोखा अवसर है. जो भी व्यक्ति इस पवित्र यात्रा पर जाना चाहते हैं, उन्हें तुरंत वेबसाइट पर रजिस्ट्रेशन करना चाहिए क्योंकि सीटें सीमित हैं और चयन लॉटरी के आधार पर होगा.