Courtesy: X @narendramodi
नई दिल्ली: भारत और इंडोनेशिया के बीच रणनीतिक और कूटनीतिक रिश्तों में एक नया अध्याय जुड़ गया है. अपनी तीन देशों की राजकीय यात्रा के पहले पड़ाव पर जकार्ता पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इंडोनेशिया के सर्वोच्च नागरिक सम्मान 'बिंतांग आदिपुर्ना ऑफ द रिपब्लिक ऑफ इंडोनेशिया' मेडल से नवाजा गया है. इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने द्विपक्षीय वार्ता के दौरान इस प्रतिष्ठित पुरस्कार का ऐलान किया. 1959 में शुरू किया गया यह सम्मान उन वैश्विक नेताओं को दिया जाता है जिन्होंने इंडोनेशिया के साथ असाधारण मित्रता और द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने में ऐतिहासिक योगदान दिया हो.
द्विपक्षीय संबंधों का नया स्तर और 'एक्ट ईस्ट' नीति
यह प्रधानमंत्री मोदी की इंडोनेशिया की पहली पूर्ण द्विपक्षीय यात्रा है, जो दोनों देशों के संबंधों के 'व्यापक रणनीतिक साझेदारी' में बदलने के बाद हो रही है. इस यात्रा की नींव जनवरी 2025 में ही रखी जा चुकी थी. जब राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो भारत के गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए थे. नई दिल्ली से रवाना होने से पहले पीएम मोदी ने स्पष्ट किया था कि इस यात्रा से भारत की 'एक्ट ईस्ट नीति' और 'महासागर विजन' को नई गति मिलेगी, जिससे एक स्वतंत्र, खुला और सुरक्षित हिंद-प्रशांत क्षेत्र सुनिश्चित किया जा सके.
Thank you for the warm welcome at the Istana Merdeka! @prabowo pic.twitter.com/U6uLbk7aCr
— Narendra Modi (@narendramodi) July 7, 2026
UPI और QRIS का क्रॉस-बॉर्डर लिंकेज
इस ऐतिहासिक मुलाकात का सबसे बड़ा व्यावहारिक लाभ दोनों देशों के नागरिकों और व्यापारियों को डिजिटल भुगतान के रूप में मिलने जा रहा है. राष्ट्रपति सुबियांतो और पीएम मोदी ने 'डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर' के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाते हुए भारत के UPI और इंडोनेशिया के QRIS (QR पेमेंट कोड) को आपस में जोड़ने (क्रॉस-बॉर्डर लिंकेज) का फैसला किया है. इस तकनीक के लागू होने से बाली और इंडोनेशिया के अन्य पर्यटन स्थलों पर जाने वाले भारतीय पर्यटकों को सीधे अपने मोबाइल ऐप से सुरक्षित और सस्ता डिजिटल भुगतान करने की सुविधा मिलेगी.
EVM तकनीक और भावी रणनीति पर सहयोग
डिजिटल लेन-देन के अलावा, भारत अपनी मजबूत लोकतांत्रिक चुनावी प्रणाली का अनुभव भी इंडोनेशिया के साथ साझा करेगा. इंडोनेशिया के आगामी चुनावों के लिए विशेष रूप से तैयार की जाने वाली 'इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन' (EVMs) को विकसित करने में तकनीकी सहायता प्रदान करेगी. द्विपक्षीय बैठक के दौरान पीएम मोदी ने जकार्ता के इस्ताना नेगारा में गेस्ट बुक पर भी हस्ताक्षर किए. जकार्ता के बाद प्रधानमंत्री मोदी अपनी इस छह दिवसीय विदेश यात्रा के अगले चरणों में ऑस्ट्रेलिया (मेलबर्न) और न्यूजीलैंड (ऑकलैंड) के लिए रवाना होंगे.
भारत-इंडोनेशिया में ब्रह्मोस और अस्त्र मिसाइल डील
भारत और इंडोनेशिया के बीच द्विपक्षीय वार्ता के दौरान एक बड़ा रक्षा समझौता फाइनल हुआ है. इसके तहत इंडोनेशिया भारत की घातक ब्रह्मोस क्रूज मिसाइल प्रणाली और हवा से हवा में मार करने वाली अस्त्र मिसाइल प्रणाली की खरीद करेगा. इस ऐतिहासिक मिसाइल सौदे से दक्षिण-पूर्व एशिया में भारत के तटीय मिसाइल तैनाती नेटवर्क और रक्षा निर्यात को अभूतपूर्व मजबूती मिलेगी.
Addressing the joint press meet with President Prabowo Subianto of Indonesia.@prabowo https://t.co/LrvzAuUjzi
— Narendra Modi (@narendramodi) July 7, 2026
कूटनीति और वैश्विक मुद्दों पर साझा विजन
बैठक के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वैश्विक अनिश्चितताओं का जिक्र करते हुए कहा कि वर्तमान दौर में संवाद और कूटनीति की प्रासंगिकता बहुत बढ़ गई है. उन्होंने फिलिस्तीन मुद्दे पर भारत के पुराने रुख को दोहराते हुए 'टू-स्टेट सॉल्यूशन' और स्थायी शांति का समर्थन किया. पीएम मोदी ने कहा कि भारत और इंडोनेशिया ऐतिहासिक-सांस्कृतिक जुड़ाव साझा करते हैं, जो इंडोनेशिया के "गोल्डन इंडोनेशिया" और भारत के "विकसित भारत" के लक्ष्यों को मिलकर हासिल करने में मदद करेगा.
लोकतांत्रिक मूल्यों और ASEAN पर जोर
दोनों देशों के चुनाव आयोगों के बीच एक महत्वपूर्ण सहमति पत्र (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए हैं, जिसके तहत भारत अपनी ईवीएम तकनीक इंडोनेशिया से साझा करेगा. पीएम मोदी ने कहा कि विविधता में एकता और लोकतांत्रिक मूल्य दोनों देशों की साझा ताकत हैं.