Courtesy: Social Media
PM Modi on Pahalgam Attack: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को बीकानेर में एक विशाल रैली को संबोधित करते हुए पाकिस्तान पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने 22 अप्रैल के आतंकवादी हमले की कड़ी निंदा की और भारतीय सशस्त्र बलों की त्वरित कार्रवाई की सराहना की.
पीएम मोदी ने कहा कि 22 अप्रैल को आतंकवादियों ने पहलगाम में हमारे लोगों पर हमला किया. उन्होंने धर्म पूछा और हमारी बहनों का सिंदूर मिटाने की कोशिश की. इस हमले ने 140 करोड़ भारतीयों के दिल को चोट पहुंचाई. उन्होंने जोर देकर कहा कि भारतीय सेना ने महज 22 मिनट में आतंकवादी शिविरों को नष्ट कर पाकिस्तान को करारा जवाब दिया.
प्रधानमंत्री ने अपनी सरकार के कड़े रुख को दोहराया. उन्होंने कहा कि हमारी सेना को खुली छूट दी गई थी. तीनों सेनाओं ने मिलकर ऐसा चक्रव्यूह रचा कि पाकिस्तान को घुटने टेकने पड़े. पीएम ने कहा कि भारत की यह कार्रवाई दुश्मनों के लिए एक सख्त संदेश है. बीकानेर यात्रा के दौरान पीएम मोदी ने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत देशनोक रेलवे स्टेशन का उद्घाटन किया. इस योजना से देश के 1,300 से अधिक रेलवे स्टेशनों का कायाकल्प होगा. इस दौरान पीएम मोदी चूरू-सादुलपुर रेल लाइन की आधारशिला रखी. साथ ही सूरतगढ़-फलोदी, फुलेरा-डेगाना, उदयपुर-हिम्मतनगर, फलोदी-जैसलमेर और समदड़ी-बाड़मेर रेल लाइनों के विद्युतीकरण किया गया. इसके साथ ही, राजस्थान के लिए 26,000 करोड़ रुपये की जन कल्याणकारी परियोजनाएं राष्ट्र को समर्पित की.
पीएम मोदी नल एयरफोर्स स्टेशन भी गए, जहां उन्होंने सशस्त्र बलों से मुलाकात की और उनका हौसला बढ़ाया. गौरतलब है कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान ने इस स्टेशन को निशाना बनाया था, लेकिन भारत ने सभी हमलों को विफल कर दिया. मोदी ने कहा, “राजस्थान हमें सिखाता है कि राष्ट्र से बढ़कर कुछ नहीं.” उनकी यह यात्रा न केवल सुरक्षा, बल्कि विकास और एकता का संदेश देती है. यह रैली और परियोजनाएं राजस्थान के लिए नए युग की शुरुआत का प्रतीक हैं.