Courtesy: Pinterest
नई दिल्ली: सड़क दुर्घटना से जुड़ी एक और खौफनाक खबर सामने आ रही है. दिल्ली के हौज खास निवासी 19 वर्षीय शौर्य गोयल गोवा में महिंद्रा थार चला रहे थे, जिसने हुंडई I20 को टक्कर मार दी थी. जिससे एक बुजुर्ग व्यक्ति की मौत हो गई. बता दें एफआईआर की पहली कॉपी में गोयल को इस सड़क विवाद का मुख्य आरोपी बताया जा रहा है. इसके बाद कुछ प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि टक्कर के तुरंत बाद थार में सवार लोगों ने अपनी सीट बदलने की कोशिश की.
बता दें शुरुआती एफआईआर के अनुसार, आरोपी किराए की महिंद्रा थार, जिसका नंबर GA-03-V-5695 है, चला रहा था. ये थार मापुसा से अंजुना की ओर जा रही थी. इसके बाद कथित तौर पर असागाओ में हैप्पी बार के पास चौराहे पर चालक ने गाड़ी का नियंत्रण खो दिया और GA-08-AB-6685 नंबर की हुंडई i20 को टक्कर मार दी.
टक्कर के तुरंत बाद के वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि शौर्य के बगल में बैठी एक महिला अपना चेहरा छुपाती हुई दिखी, जबकि शौर्य अपने पिता को फोन करता है. इस दौरान वह कार से बाहर निकलता है.
एक प्रत्यक्षदर्शी ने दावा किया कि टक्कर के तुरंत बाद कार में बैठे लोगों ने सीटें बदलने की कोशिश की। उसके मुताबिक, पहले एक महिला वाहन चला रही थी और बाद में ड्राइवर बदला गया। यदि यह आरोप सही साबित होता है, तो जांच की दिशा बदल सकती है।
अब पीड़ित की पहचान भोपाल के निवासी 65 वर्षीय भगत राम के रूप में हुई है, जोकि असगांव से चौराहे से होते हुए पर्रा गांव की ओर जा रहे थे. बता दें इस साल सड़क दुर्घटना से जुड़े कई मामले सामने आ रही हैं, जिन्होंने पूरे देश को चौका कर रख दिया है.
पुलिस ने किराए की एसयूवी जब्त कर ली है और लापरवाही से मौत का मामला दर्ज किया है. 'ड्राइवर बदलने' के आरोपों की भी जांच हो रही है. अधिकारी फोरेंसिक साक्ष्य, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और वायरल वीडियो की पड़ताल कर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटे हैं.