menu-icon
The Bharatvarsh News

नेपाल की बेटी से बिहार में दरिंदगी, औरंगाबाद में झाड़ियों में खींचकर किया सामूहिक दुष्कर्म

पति और बच्चों के साथ रह रही नेपाली मूल की एक महिला के साथ तीन लोगों ने सामूहिक दुष्कर्म किया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.

Calendar Last Updated : 23 July 2026, 01:40 PM IST
Share:

पटना: जिला मुख्यालय के नगर थाना क्षेत्र स्थित सिंचाई कॉलोनी के पास एक वीरान जर्जर इमारत में दरिंदगी की सनसनीखेज वारदात सामने आई है. पति और बच्चों के साथ रह रही नेपाली मूल की एक महिला के साथ तीन लोगों ने सामूहिक दुष्कर्म किया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.

बच्चों को घुमाने के बहाने ई-रिक्शा में बिठाया

घटना 21 जुलाई की शाम करीब पांच बजे की है. पीड़िता अपने घर के बाहर खड़ी थी, तभी उसी के मोहल्ले का रहने वाला एक 15 वर्षीय किशोर वहां पहुंचा. उसने महिला और उसके बच्चों को ई-रिक्शा से घुमाने का झांसा दिया. महिला झांसे में आ गई और बच्चों के साथ टोटो पर सवार हो गई. टोटो में पहले से दो अन्य युवक, अभिषेक कुमार और जीतू उर्फ पाली मौजूद थे. आरोपी पहले तो टोटो को बाईपास की तरफ ले गए और फिर शहर में घुमाते हुए सिंचाई कॉलोनी के समीप मछली मंडी के पास स्थित एक पुराने जर्जर भवन में ले गए.

बच्चे को मोबाइल थमाया, फिर की दरिंदगी

जर्जर भवन में पहुंचते ही तीनों आरोपियों ने महिला के साथ मारपीट की और बारी-बारी से उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए. दरिंदगी के दौरान महिला के बच्चों की आवाज दबाने के लिए आरोपियों ने उन्हें अपना मोबाइल फोन थमा दिया ताकि वे चुप रहें. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पीड़िता को पानी की टंकी के पास बदहवास हालत में छोड़कर भाग निकले. भागते वक्त उन्होंने महिला के हाथ में महज 100 रुपये थमा दिए.

चाय बेचकर परिवार चलाता है पति

नेपाली मूल की पीड़िता की तीन साल पहले ही औरंगाबाद के एक व्यक्ति से दूसरी शादी हुई थी. उसके पति की पहली पत्नी का देहांत हो चुका है और उस शादी से चार बच्चे हैं. महिला का पति चाय बेचता है. महिला ने पुलिस को बताया कि वह नाबालिग आरोपी को पहले से पहचानती थी, इसलिए उसे जरा भी अंदेशा नहीं था कि उसके साथ इस तरह की हैवानियत होगी.

पुलिस की कार्रवाई, स्पीडी ट्रायल की तैयारी

घटना की सूचना मिलते ही नगर थानाध्यक्ष बबन बैठा के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया. पुलिस ने छापेमारी करते हुए दो मुख्य आरोपियों महुआ शहीद मोहल्ला निवासी राकेश कुमार और नवादा के शंकर बिगहा निवासी अभिषेक कुमार को दबोच लिया. तीसरे नाबालिग आरोपी को भी पकड़ लिया गया है.

पीड़िता का बयान दर्ज

नगर थानाध्यक्ष ने बताया कि पीड़िता के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. महिला का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और अदालत में 164 के तहत बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है. गिरफ्तार दोनों बालिग आरोपियों को जेल भेजा जा रहा है, वहीं नाबालिग को बाल सुधार गृह भेजा जाएगा. पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस केस को स्पीडी ट्रायल के तहत चलाकर आरोपियों को जल्द से जल्द सख्त सजा दिलाई जाएगी.
 

सम्बंधित खबर

Recent News