menu-icon
The Bharatvarsh News

Petrol Diesel Price Today: कच्चा तेल हुआ महंगा, क्या बढ़ने वाले हैं पेट्रोल-डीजल के दाम? जानें आज का रेट

अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में लगातार तेजी के बावजूद भारत में 22 जुलाई 2026 को भी पेट्रोल और डीजल के दाम में कोई बदलाव नहीं किया गया है.

Calendar Last Updated : 22 July 2026, 01:12 PM IST
Share:

नई दिल्ली: अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी जारी है. ईरान से जुड़े तनाव और लाल सागर में हूती विद्रोहियों द्वारा तेल टैंकरों को निशाना बनाए जाने से वैश्विक आपूर्ति पर असर पड़ा है. इसके बावजूद भारत की सरकारी तेल कंपनियों ने 22 जुलाई 2026 को भी पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया है. देशभर में ईंधन के दाम पिछले 57 दिनों से स्थिर बने हुए हैं.

कच्चे तेल की कीमत क्यों बढ़ रही है?

पहले होर्मुज जलडमरूमध्य में तनाव के कारण तेल की आपूर्ति प्रभावित हुई थी. अब लाल सागर में भी तेल ले जा रहे जहाजों पर हमलों की घटनाएं बढ़ने से वैश्विक बाजार में चिंता बढ़ गई है. इसी वजह से बुधवार को ब्रेंट क्रूड 2 प्रतिशत से अधिक बढ़कर 91.01 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया, जबकि WTI क्रूड 84.79 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर कारोबार करता दिखा. यदि वैश्विक आपूर्ति में बाधाएं जारी रहती हैं, तो आने वाले महीनों में कच्चे तेल की कीमतें और ऊपर जा सकती हैं.

57 दिनों से नहीं बदले पेट्रोल-डीजल के दाम

सरकारी तेल कंपनियों ने आखिरी बार 25 मई 2026 को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बदलाव किया था. मई में केवल 11 दिनों के भीतर चार बार कीमतें बढ़ाई गई थी. इसके बाद से अब तक किसी भी तरह की बढ़ोतरी या कटौती नहीं की गई है.

आज के पेट्रोल-डीजल के भाव

दिल्ली में पेट्रोल 102.12 रुपये और डीजल 95.20 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है. मुंबई में पेट्रोल 111.21 रुपये और डीजल 97.83 रुपये प्रति लीटर है. कोलकाता में पेट्रोल 113.51 रुपये और डीजल 99.82 रुपये प्रति लीटर मिल रहा है. वहीं चेन्नई में पेट्रोल 107.77 रुपये और डीजल 99.55 रुपये प्रति लीटर है.

अन्य शहरों की बात करें तो नोएडा में पेट्रोल 102.12 रुपये, लखनऊ में 101.89 रुपये, पटना में 113.37 रुपये, रांची में 105.26 रुपये और भोपाल में 114.57 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है.

घर बैठे ऐसे जानें ताजा रेट

पेट्रोल और डीजल की कीमतें रोजाना सुबह 6 बजे अपडेट होती हैं. उपभोक्ता इंडियन ऑयल, बीपीसीएल और एचपीसीएल की एसएमएस सेवा के जरिए भी अपने शहर के ताजा ईंधन दाम आसानी से पता कर सकते हैं.

सम्बंधित खबर

Recent News