भारत-अमेरिका ट्रेड डील देश के किसानों के साथ सबसे बड़ी गद्दारी: कुलदीप धालीवाल

बुधवार को 'आप' नेता प्रभवीर बराड़ के साथ प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए धालीवाल ने आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि ट्रंप सरकार ने भारतीय वस्तुओं पर टैरिफ बढ़ाकर 18 प्रतिशत कर दिया है, जबकि मोदी सरकार ने घुटने टेकते हुए अमेरिकी वस्तुओं पर टैक्स 7.7 प्रतिशत से घटाकर शून्य कर दिया है.

Calendar
फॉलो करें:

चंडीगढ़: आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब के मुख्य प्रवक्ता और विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने भारत-अमेरिका ट्रेड डील की वकालत कर रहे पंजाब भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़ पर जोरदार हमला बोला है.

 उन्होंने इस समझौते को देश के किसानों के साथ सबसे बड़ी 'गद्दारी' करार दिया. धालीवाल ने जाखड़ को सीधी चुनौती दी कि वे मीडिया में तारीफों के पुल बांधने की बजाय इस डील का असली ड्राफ्ट सार्वजनिक करें.

'मोदी सरकार ने घुटने टेक दिए'

बुधवार को 'आप' नेता प्रभवीर बराड़ के साथ प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए धालीवाल ने आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि ट्रंप सरकार ने भारतीय वस्तुओं पर टैरिफ बढ़ाकर 18 प्रतिशत कर दिया है, जबकि मोदी सरकार ने घुटने टेकते हुए अमेरिकी वस्तुओं पर टैक्स 7.7 प्रतिशत से घटाकर शून्य कर दिया है.

उन्होंने सवाल किया कि जब अमेरिकी किसान भारत में बिना किसी टैक्स के माल बेचेगा और हमारे किसान को अमेरिका में 18 प्रतिशत टैक्स देना पड़ेगा, तो यह बराबरी का सौदा कैसे हुआ? यह देश के हित में कैसे है?

धालीवाल ने चेतावनी दी

धालीवाल ने चेतावनी दी कि इस डील के जरिए अमेरिका की 'लाल ज्वार' भारतीय मंडियों पर कब्जा कर लेगी, जिससे पंजाब, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र के मक्का, बाजरा और ज्वार उगाने वाले किसान बर्बाद हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि जीरो टैरिफ के कारण कश्मीर और हिमाचल के सेब, बादाम और अखरोट उत्पादक भी सड़कों पर आ जाएंगे।

'देश का हित बेचने पर तुले'

सुनील जाखड़ पर तंज कसते हुए धालीवाल ने कहा कि जाखड़ साहब, आप आज उसी तरह इस डील की वकालत कर रहे हैं जैसे कभी बादल परिवार तीन काले कृषि कानूनों की करता था. आज अकाली दल की राजनीतिक हालत सबके सामने है. कहीं मोदी की चाकरी करते-करते आपका हश्र भी अकालियों जैसा न हो जाए. उन्होंने कहा कि जाखड़ पहले कांग्रेस में रहकर गांधी परिवार की चाकरी करते थे और अब मोदी के गुणगान करके देश का हित बेचने पर तुले हुए हैं.

'देश को भरोसे में नहीं लिया'

'आप' प्रवक्ता ने कहा कि आज तक इस डील की जानकारी सिर्फ ट्रंप के ट्वीट्स से मिल रही है. प्रधानमंत्री ने न तो संसद में कुछ बताया और न ही देश को भरोसे में लिया. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने देश को अमेरिका के पास गिरवी रख दिया है.

'किसान विरोधी चेहरा बेनकाब'

धालीवाल ने कहा कि यह लड़ाई सिर्फ किसानों की नहीं, बल्कि पूरे देशवासियों की है. उन्होंने एलान किया कि वे जाखड़ के हर झूठ का रोजाना जवाब देंगे और भाजपा के इस किसान विरोधी चेहरे को बेनकाब करते रहेंगे.

Tags :