फिर मंडरा रहा मुंबई पर धमाके का साया! ईमेल से भेजी विधान सभा को बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप

एक बार फिर से मुंबई पर बम का खतरा मंडरा रहा है. गुरुवार की सुबह राज्य विधानसभा परिसर को बम से उड़ाने की धमकी वाला एक ईमेल मिला. जिसके बाद से मुंबई में हलचल मच गई.

Calendar
फॉलो करें:
Courtesy: ANI

मुंबई: गुरुवार की सुबह मुंबई के लिए थोड़ी टेंशन से भरी रही. मुंबई अधिकारियों को गुरुवार सुबह राज्य विधानसभा परिसर को बम से उड़ाने की धमकी वाला एक ईमेल मिला. जिसके बाद मुंबई में हलचल मच गई. इस सूचना के बाद दक्षिण मुंबई स्थित विधान भवन के बाहर सुरक्षा व्यवस्था तुरंत कड़ी कर दी गई और परिसर में आने-जाने पर अस्थायी रोक लगा दी गई. धमकी ऐसे समय सामने आई जब महाराष्ट्र विधानसभा का बजट सत्र चल रहा था और अंदर विधायक महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा में व्यस्त थे.

प्रारंभिक जांच के दौरान सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे परिसर को घेरकर तलाशी अभियान शुरू किया. जांच पूरी होने तक मीडियाकर्मियों और आम नागरिकों को परिसर के बाहर ही रोक दिया गया. बाद में  बम डिस्पोजल स्क्वाड की गहन जांच के बाद परिसर को सुरक्षित घोषित कर दिया गया और इस धमकी को झूठी सूचना माना गया.

धमकी भरे ईमेल से बढ़ी सतर्कता

महाराष्ट्र सरकार के अनुसार, यह धमकी भरा ईमेल गुरुवार सुबह करीब 6:27 बजे आया. इसमें महाराष्ट्र विधान सभा के साथ-साथ बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज और बॉम्बे उच्च न्यायालय को भी निशाना बनाने की बात कही गई थी. इस जानकारी के सामने आते ही सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सतर्क हो गईं और कार्रवाई शुरू कर दी गई.

बम डिस्पोजल स्क्वाड की तलाशी

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि सुबह करीब 9 बजे पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की टीमें मौके पर पहुंचीं. बम डिटेक्शन स्क्वाड, आतंकवाद विरोधी इकाइयों और खोजी कुत्तों की मदद से पूरे परिसर, पार्किंग और प्रवेश द्वारों की गहन जांच की गई. इस दौरान सुरक्षा कारणों से परिसर के आसपास बैरिकेड लगाए गए और यातायात को चर्चगेट क्षेत्र की ओर मोड़ दिया गया.

जांच के बाद परिसर सुरक्षित घोषित

लंबी तलाशी के बाद जब अधिकारी आश्वस्त हो गए कि परिसर पूरी तरह से सुरक्षित है और यहां पर कोई भी विस्फोटक पदार्थ नहीं है तब उन्होंने परिसर को सुरक्षित घोषित कर दिया. बाद में धीरे-धीरे प्रवेश व्यवस्था बहाल करने की तैयारी की गई. बताया गया कि सदन की कार्यवाही निर्धारित समय पर से शुरू कर दी गई, जिससे बजट सत्र में कोई बड़ी बाधा नहीं आई.

ईमेल भेजने वाले की जारी है तलाश

सुरक्षा जांच के बाद अब पुलिस एजेंसियां मेल भेजने वाले शख्स की तलाश कर रही है. साइबर विशेषज्ञ डिजिटल सबूतों का विश्लेषण कर रहे हैं और आशंका है कि ईमेल किसी फर्जी या गुमनाम खाते से भेजा गया था.

Tags :