menu-icon
The Bharatvarsh News

ईडन गार्डन्स और वानखेड़े की हुई अनदेखी! 2027 बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी का शेड्यूल जारी, दिग्गज नाराज

कुछ दिनों पहले बीसीसीआई ने भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच प्रतिष्ठित टेस्ट सीरीज का ऐलान कर दिया है. लेकिन बोर्ड द्वारा इस सीरीज में कोलकाता के ईडन गार्डन्स और मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम जैसे ऐतिहासिक मैदानों को नजरअंदाज करना सबके लिए हैरान करने वाला था.

Calendar Last Updated : 31 March 2026, 08:14 AM IST
Share:

नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने हाल ही में भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया 2027 बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के शेड्यूल  और वेन्यू का ऐलान किया है. BCCI द्वारा घोषित कार्यक्रम के अनुसार, भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच पांच टेस्ट मैचों की यह श्रृंखला जनवरी से मार्च 2027 के बीच खेली जाएगी. सीरीज का आरंभ 21 जनवरी से होगा.

लेकिन इसी बीच सीरीज के वेन्यू पर सवाल खड़े हो रहे हैं. क्योंकि कोलकाता के ईडन गार्डन्स और मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम जैसे ऐतिहासिक मैदानों को सीरीज में नजरअंदाज करना सबके लिए हैरान करने वाला था. इतना ही नहीं बल्कि फैंस और कई दिग्गज बोर्ड के इस फैसले से नाराज भी हैं. 

बड़े मैदानों की अनदेखी पर विवाद

भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया के बीच होने वाली प्रतिष्ठित सीरीज दोनों देशों के लिए काफी अहम होती है. ऐसे में सीरीज से ईडन गार्डन्स और वानखेड़े जैसे प्रतिष्ठित मैदानों के बाहर रहने पर सोशल मीडिया पर नाराजगी देखी जा रही है. कई प्रशंसकों का मानना है कि इतने बड़े मुकाबलों के लिए पारंपरिक और ऐतिहासिक स्टेडियमों को प्राथमिकता मिलनी चाहिए.

सौरव गांगुली का संतुलित बयान

अब पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली ने इस मुद्दे पर अपनी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि ईडन गार्डन्स में टेस्ट मैच होना हमेशा खास होता है, लेकिन देश के अन्य स्टेडियम भी अब उच्च स्तर की सुविधाओं से लैस हैं. उनके अनुसार, क्रिकेट को देशभर में फैलाने के लिए अलग-अलग शहरों को भी मौके मिलना जरूरी है.

वहीं, पूर्व स्पिनर वेंकटपति राजू ने पुराने दौर की याद दिलाते हुए कहा कि कोलकाता, मुंबई, चेन्नई, दिल्ली और कानपुर जैसे पारंपरिक टेस्ट केंद्रों का अपना अलग महत्व है. ये पांच ऐसे ग्राउंड हैं जोकि हमेशा से टेस्ट क्रिकेट के लिए जाने जाते हैं.
उनका मानना है कि हाई-प्रोफाइल टेस्ट मैच इन्हीं बड़े मैदानों पर होने चाहिए, जहां दर्शकों का जबरदस्त समर्थन मिलता है.

21 जनवरी से होगा सीरीज का आगाज 

BCCI ने इसी महीने भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच होने वाले पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के कार्यक्रम की घोषणा कर दी है. भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया के बीच पांच टेस्ट मैचों की ये श्रृंखला जनवरी से मार्च 2027 के बीच खेली जाएगी. सीरीज का पहला मैच नागपुर में 21-25 जनवरी तक, दूसरा मैच चेन्नई में 29 जनवरी से 2 फरवरी तक, तीसरा मैच 11 से 15 फरवरी के बीच गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में होगा. इसके बाद चौथा टेस्ट 19 से 23 फरवरी तक रांची में और अंतिम मुकाबला अहमदाबाद में 27 फरवरी से 3 मार्च तक खेला जाएगा.

सम्बंधित खबर

Recent News