नई दिल्ली: काबुल में हुए एक भीषण हमले ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है. इस हमले के बाद अफगानिस्तान की ओर से अंतरराष्ट्रीय समुदाय को एक भावुक संदेश दिया गया, जिसमें आम नागरिकों पर पड़ रहे असर को लेकर गहरी चिंता जताई गई. अफगान के स्टार स्पिनर अल्लाह गजनफ ने इस घटना को मानवीय त्रासदी बताते हुए दुनिया से हस्तक्षेप और समर्थन की अपील की.
घटना में दावा किया गया कि पाकिस्तान की ओर से एक बड़ा हमला किया गया. इस हमले में काबुल स्थित एक बड़े नशामुक्ति पुनर्वास केंद्र को निशाना बनाया गया था. इस हमले में करीब 400 लोगों की मौत और लगभग 250 लोगों के घायल होने की खबर सामने आ रही है. अफगान सरकार के उप प्रवक्ता हमदुल्लाह फितरत के अनुसार, 2000 बेड वाले इस अस्पताल का बड़ा हिस्सा तबाह हो गया. हालांकि, पाकिस्तान ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है.
अल्लाह गजनफर ने कहा कि यह अस्पताल उन लोगों के लिए लाइफ लाइन था, जो इलाज का खर्च नहीं उठा सकते थे. उनके अनुसार, इस तरह के हमले न केवल ढांचे को नष्ट करते हैं, बल्कि समाज के सबसे कमजोर वर्ग को भी गंभीर नुकसान पहुंचाते हैं.
अफगानिस्तान के स्पिनर, जो इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 में मुंबई इंडियंस का प्रतिनिधित्व करेंगे, उन्होंने अपने संबोधन में आगे कहा कि भारत अफगानिस्तान का 'घनिष्ठ मित्र' है और उन्होंने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से एकजुट होकर अफगानिस्तान का समर्थन करने का आग्रह किया.
गजनफर ने हमले के पीछे की मंशा पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि आम लोगों को निशाना बनाना किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है और इससे केवल हालात और बिगड़ते हैं. उन्होंने स्पष्ट किया कि अफगानिस्तान इस तरह की कार्यवाही को स्वीकार नहीं करेगा.
अपने बयान में गजनफर ने अफगानिस्तान के इतिहास का जिक्र करते हुए पाकिस्तान को चेतावनी दी कि अगर ऐसी घटनाएं जारी रहीं, तो इसके परिणाम गंभीर हो सकते हैं. गजनफर ने स्पष्ट कहा कि अफगानिस्तान का इतिहास तो सभी जानते हैं. अगर वह इतिहास खुद को दोहराता है, तो पाकिस्तान के लिए बहुत बुरा होगा .