menu-icon
The Bharatvarsh News

सरकारी नौकरी बनी जान की दुश्मन, रेलवे में लोको पायलट बना पड़ोसी, तो जलन में पिता-पुत्र ने सिर में दाग दी गोली

मुरादाबाद में एक पड़ोसी को सरकारी नौकरी नौकरी लगने से इतनी जलन हुई कि उन्होंने उसपर गोलियां बरसा दी.

Calendar Last Updated : 05 April 2026, 09:54 PM IST
Share:

मुरादाबाद: अक्सर कहा जाता है कि लोग पड़ोसियों की तरक्की देखकर जलते हैं, लेकिन यह जलन किसी की जान लेने पर उतारू हो जाए, ऐसा खौफनाक मामला उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद से सामने आया है. यहां एक युवक को रेलवे में सरकारी नौकरी मिलने से पड़ोसी इस कदर चिढ़ गए कि उन्होंने ट्रेनिंग पर जाने से ठीक पहले युवक के सिर में गोली मार दी. लहूलुहान युवक अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच झूल रहा है. वारदात से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है.

क्या है पूरा खौफनाक मामला?

यह सनसनीखेज वारदात मझोला थाना क्षेत्र के उत्तम पुर बहलोलपुर गांव में शनिवार शाम करीब 7 बजे हुई. पीआरडी में तैनात सोमपाल सिंह के दूसरे बेटे अशोक सागर का हाल ही में रेलवे में लोको पायलट के पद पर चयन हुआ था। उसे आगामी 20 अप्रैल को अपनी ट्रेनिंग के लिए रवाना होना था. बेटे की इस कामयाबी से परिवार में खुशी का माहौल था, लेकिन पड़ोस में रहने वाले पूर्व प्रधान कर्मवीर और उसके बेटे रोहित की आंखों में अशोक की यह तरक्की खटकने लगी.

ट्रेनिंग से पहले खूनी खेल

शनिवार शाम जब अशोक गांव में ही एक मकान के पास खड़ा था, तभी आरोपी रोहित और उसका पिता कर्मवीर वहां आ धमके. रंजिश में अंधे हो चुके रोहित ने तमंचा निकाला और अशोक के सिर गोली दाग दी. गोली लगते ही अशोक खून से लथपथ होकर वहीं गिर पड़ा. फायरिंग की आवाज सुनकर अशोक के पिता सोमपाल और भाई शिव कुमार और लवकुश दौड़कर मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे. परिजनों ने आनन-फानन में अशोक को कॉसमॉस अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत बेहद गंभीर बनी हुई है.

नौकरी पर न जा सके, इसलिए पहले भी की थी मारपीट

आरोपी पिता-पुत्र किसी भी कीमत पर नहीं चाहते थे कि अशोक यह सरकारी नौकरी जॉइन करे. इसी जलन के चलते दो महीने पहले भी आरोपियों ने अशोक के घर जाकर गाली-गलौज और मारपीट की थी. उस वक्त गांव के जिम्मेदार लोगों ने पंचायत कर दोनों पक्षों में समझौता करा दिया था. एक महीने पहले भी विवाद हुआ था, लेकिन गांव वालों के दखल के चलते मामला थाने नहीं गया. इसी समझौते का फायदा उठाकर आरोपियों ने हत्या की खौफनाक साजिश रच डाली.

पुलिस का बयान

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई. एसपी सिटी कुमार रण विजय सिंह ने बताया कि पीड़ित पिता की तहरीर पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पूर्व प्रधान और उसके बेटे को गिरफ्तार कर लिया है और उनसे सख्ती से पूछताछ की जा रही है.

सम्बंधित खबर

Recent News