राजधानी दिल्ली के उत्तम नगर इलाके में हाल के दिनों में बढ़ते तनाव को देखते हुए हाईकोर्ट ने सख्त रुख अपनाया है. अदालत ने पुलिस और प्रशासन को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि ईद के मौके पर किसी भी तरह की अशांति न हो और लोगों को सुरक्षित माहौल मिले. यह मामला पहले बुधवार को सुनवाई के लिए सूचीबद्ध था, लेकिन बाद में गुरुवार को इस पर सुनवाई हुई और अदालत ने विस्तृत आदेश जारी किए.
सुनवाई के दौरान अदालत ने कहा कि पुलिस और प्रशासन सभी जरूरी कानूनी कदम उठाए ताकि स्थिति बिगड़ने न पाए. अदालत ने जोर दिया कि ऐसा माहौल बनाया जाए, जिसमें लोग शांति और सम्मान के साथ ईद मना सके. और साथ ही सुरक्षा व्यवस्था ऐसी होनी चाहिए, जिससे हर व्यक्ति खुद को सुरक्षित महसूस करे.
अदालत ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. पुलिस को निर्देश दिए गए कि वे लगातार निगरानी रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई करे. अदालत ने यह भी कहा कि सुरक्षा इंतजाम रामनवमी तक बनाए रखें, ताकि पूरे त्योहारों के दौरान शांति बनी रहे.
उत्तम नगर में तनाव की शुरुआत एक हिंसक घटना के बाद हुई, जिसमें 26 वर्षीय तरुण कुमार की निर्म हत्या की गई. जानकारी के मुताबिक, होली के दौरान पानी के गुब्बारे को लेकर विवाद हुआ, जो बाद में हिंसा में बदल गया. आरोप है कि युवक पर डंडों और पत्थरों से हमला किया गया, जिससे उसकी जान चली गई.
घटना के बाद इलाके में माहौल और ज्यादा संवेदनशील हो गया है. सोशल मीडिया पर भड़काऊ संदेश सामने आने से चिंता बढ़ी है. हिंदू संगठनों की ओर से ईद पर तरुण की मौत का बदला लेना का दावा किया गया है. सोशल मीडिया पर 'खून की होली ईद पे खेलेंगे' प्रसारित किए जा रहे हैं. प्रशासन के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती यही है कि अफवाहों और नफरत फैलाने वाली बातों को रोका जाए, ताकि स्थिति नियंत्रण में बनी रहे और लोगों के बीच भरोसा कायम रहे.