नई दिल्ली: बांग्लादेश से एक दर्दनाक हादसे की खबर आ रही है जिसमें कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया. खबर है कि बांग्लादेश में एक यात्रियों से भरी एक बस नदी में समा गई. यह घटना इतनी अचानक हुई कि लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला. मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, देखते ही देखते बस पानी में लीन हो गई और चीख-पुकार मच गई.
यह दुर्घटना बुधवार शाम करीब 5:15 बजे राजबारी जिले के दौलदिया टर्मिनल पर हुई, जब ढाका जा रही एक बस फेरी पर चढ़ने के दौरान पद्मा नदी में गिर गई. अधिकारियों के मुताबिक, इस हादसे में कम से कम 23 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई अन्य अब भी लापता हैं.
घटना के बाद तुरंत बचाव कार्य शुरू किया गया. अग्निशमन सेवा और तटरक्षक बल के गोताखोरों ने मिलकर कई घंटों तक तलाश अभियान चलाया. बचाव पोत की मदद से बस को नदी से बाहर निकाला गया, जिसमें से कई शव भी बरामद हुए. खराब मौसम के बावजूद टीम ने लगातार प्रयास जारी रखे. अभी तक कई शवों को बरामद कर लिया गया है तो वहीं कुछ लोग अभी भी लापता हैं.
अब घटना के बाद प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं. बचाव कार्य अब भी जारी है और लापता लोगों की तलाश की जा रही है. स्थानीय अस्पतालों में घायलों का इलाज चल रहा है.
बताया जा रहा है कि बस में करीब 40 यात्री सवार थे, जिनमें बच्चे भी शामिल थे. अधिकांश लोग ईद की छुट्टियां खत्म कर राजधानी लौट रहे थे. कुछ यात्री तैरकर बाहर निकलने में सफल रहे या उन्हें समय रहते बचा लिया गया, लेकिन कई लोग बस के साथ ही पानी में फंस गए और उनकी मौत हो गई.
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बस जब फेरी की ओर बढ़ रही थी, तभी एक छोटी नाव ने पोंटून को टक्कर मार दी. इस झटके से बस चालक संतुलन खो बैठा और वाहन सीधे नदी में जा गिरा. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि यह सब कुछ कुछ ही पलों में हो गया. ये सब कुछ इतना जल्दी हुई की किसी को संभलने का मौका ही नहीं मिला.