Courtesy: X @mufaddal_vohra
नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम का बांग्लादेश दौरा एक बार फिर अनिश्चितता में फंस गया है. दोनों देशों के बीच तीन वनडे मैचों की सीरीज सितंबर की शुरुआत में प्रस्तावित थी, लेकिन बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के नए कार्यक्रम से इस दौरे पर सवाल खड़े हो गए हैं. ऐसे में भारत और बांग्लादेश के बीच क्रिकेट संबंधों को सामान्य करने की उम्मीदों को फिर झटका लगा है.
BCB अध्यक्ष और पूर्व क्रिकेटर तमीम इकबाल ने ढाका में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अंडर-एज खिलाड़ियों के लिए गेम डेवलपमेंट ट्रॉफी की घोषणा की. इस टूर्नामेंट के मुकाबले 28 अगस्त से 9 सितंबर तक शेर-ए-बांग्ला नेशनल स्टेडियम में होने हैं.
खास बात यह है कि इसका कार्यक्रम भारत के प्रस्तावित दौरे की तारीखों से टकरा रहा है. भारत और बांग्लादेश के बीच वनडे सीरीज की शुरुआत 3 सितंबर से होने की बात कही गई थी.
जब तमीम इकबाल से पूछा गया कि क्या भारत का दौरा नहीं होगा, तो उन्होंने कहा कि दोनों क्रिकेट बोर्ड सीरीज को लेकर बातचीत कर रहे हैं. उन्होंने यह भी संकेत दिया कि जरूरत पड़ने पर टूर्नामेंट का स्थान बदला जा सकता है.
भारतीय टीम को इससे पहले अगस्त 2025 में बांग्लादेश का दौरा करना था, लेकिन दोनों देशों के बीच राजनीतिक तनाव के कारण यह दौरा नहीं हो सका था. इसके बाद बांग्लादेश में सरकार बदलने और तमीम इकबाल के BCB अध्यक्ष बनने के बाद क्रिकेट के जरिए रिश्ते सुधारने की उम्मीद जगी थी.
BCB ने जनवरी में भारत के दौरे का कार्यक्रम घोषित किया था. प्रस्तावित कार्यक्रम में तीन वनडे और तीन टी20 मुकाबले शामिल थे, जिनका आयोजन ढाका और चटगांव में होना था. हालांकि, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की ओर से इस दौरे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई थी.
दोनों देशों के बीच हाल के विवादों ने भी क्रिकेट संबंधों को प्रभावित किया है. अब नए कार्यक्रम के बाद एक बार फिर यह सवाल उठ रहा है कि भारत का बांग्लादेश दौरा तय समय पर होगा या इसे आगे बढ़ाया जाएगा.