menu-icon
The Bharatvarsh News

'फिलिस्तीन आजाद है', कोलोराडो में इजरायल समर्थकों पर आतंकी हमला, 6 घायल

सोलिमन ने भीड़ पर हमला करते हुए फिलिस्तीन आज़ाद है, ज़ायोनीवादियों को खत्म करो और वे हत्यारे हैं जैसे नारे लगाए. मिल रही जानकारी के मुताबिक हमले में छह लोग घायल हो गए. वहीं एक पीड़ित की हालत गंभीर है.

Calendar Last Updated : 02 June 2025, 10:11 AM IST
Share:

Colorado Attack: अमेरिका के कोलोराडो राज्य में एक शांतिपूर्ण इजरायल समर्थक प्रदर्शन पर अचानक आतंकी हमला हो गया. हमलावर ने मोलोटोव कॉकटेल फेंककर और फ्लेमथ्रोवर का इस्तेमाल करके छह लोगों को घायल कर दिया. संदिग्ध की पहचान मोहम्मद सबरी सोलिमन के रूप में हुई है. FBI ने इसे लक्षित आतंकवादी हमला करार दिया है.

यह हमला बोल्डर शहर के पर्ल स्ट्रीट मॉल में हुआ. यहां रन फॉर देयर लाइव्स नाम से एक साप्ताहिक कार्यक्रम चलाया जा रहा था. इस कार्यक्रम का उद्देश्य गाजा में बंधक बनाए गए इजरायली लोगों के लिए जागरूकता बढ़ाना था. तभी इस दौरान रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे 45 वर्षीय सोलिमन ने प्रदर्शनकारियों पर मोलोटोव कॉकटेल फेंक दिया. 

आतंकवादी हमला मानकर जांच शुरू 

सोलिमन ने भीड़ पर हमला करते हुए फिलिस्तीन आज़ाद है, ज़ायोनीवादियों को खत्म करो और वे हत्यारे हैं जैसे नारे लगाए. मिल रही जानकारी के मुताबिक हमले में छह लोग घायल हो गए. वहीं एक पीड़ित की हालत गंभीर है. FBI के डेनवर कार्यालय के विशेष एजेंट मार्क माइकलेक ने कहा कि यह हिंसा का लक्षित कृत्य है. हम इसे आतंकवादी हमला मानकर जांच कर रहे हैं. सोलिमन ने हमले में एक अस्थायी फ्लेमथ्रोवर का भी इस्तेमाल किया. FBI निदेशक काश पटेल ने कहा कि हमारी टीमें घटनास्थल पर हैं. हम पूरी तरह जांच कर रहे हैं. व्हाइट हाउस ने बताया कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प को घटना की जानकारी दी गई है.

पुलिस ने दी पूरी जानकारी 

बोल्डर पुलिस प्रमुख स्टीव रेडफ़र्न ने कहा कि हमें विश्वास है कि सोलिमन अकेला संदिग्ध है. उन्होंने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति हथियार के साथ लोगों को आग लगा रहा है. मौके पर पहुंचने पर कई घायल लोग मिले, जिन्हें जलने की चोटें आई थीं. रेडफ़र्न ने कहा कि मकसद के बारे में अभी कुछ कहना जल्दबाजी होगी. सोलिमन को हिरासत में ले लिया गया. वह खुद भी मामूली रूप से घायल हुआ और उसे अस्पताल ले जाया गया.

सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में सोलिमन को शर्टलेस अवस्था में देखा गया. वह बोतलों के साथ चिल्ला रहा था, जबकि सामने आग जल रही थी. उसने प्रदर्शनकारियों पर बच्चों को मारने का आरोप लगाया. वीडियो में लोग घायलों की मदद करते दिखे. कई लोगों ने पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की. FBI और स्थानीय पुलिस संयुक्त रूप से जांच कर रही हैं. अभी तक कोई औपचारिक आरोप तय नहीं किए गए हैं, लेकिन अधिकारियों ने कहा कि सोलिमन को पूरी तरह जवाबदेह ठहराया जाएगा.

सम्बंधित खबर

Recent News