menu-icon
The Bharatvarsh News

परमाणु संयंत्र पर सीधा वार, ईरान की मिसाइलों ने दिमोना-अराद को किया तबाह, सौ से ज्यादा घायल

शनिवार को ईरान ने इजरायल के दिमोना और अराद शहरों को निशाना बनाते हुए मिसाइल हमले किए. ये कार्यवाही नतान्ज स्थित ईरानी परमाणु संयंत्र पर हुए हमलों के जवाब में की गई थी.

Calendar Last Updated : 22 March 2026, 12:03 PM IST
Share:

नई दिल्ली: मध्य पूर्व में तनाव एक बार फिर खतरनाक मोड़ पर पहुंच गया है, जहां जवाबी सैन्य कार्यवाही ने हालात को और भी गंभीर बना दिया है. ईरान द्वारा इजरायल के शहरों पर किए गए ताजा मिसाइल हमलों ने क्षेत्रीय सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है.

शनिवार को ईरान ने इजरायल के दिमोना और अराद शहरों को निशाना बनाते हुए मिसाइल हमले किए. ये कार्यवाही नतान्ज स्थित ईरानी परमाणु संयंत्र पर हुए हमलों के जवाब में की गई थी. इन हमलों में 100 से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है.

परमाणु केंद्र को बनाया निशाना

रिपोर्ट्स के मुताबिक, दिमोना में स्थित शिमोन पेरेस नेगेव परमाणु अनुसंधान केंद्र  हमले का प्रमुख लक्ष्य था. मिसाइल हमलों से आसपास की रिहायशी इमारतों को भारी नुकसान पहुंचा है. जिस कारण कई जगह गहरे गड्ढे हो गए हैं.

रक्षा प्रणाली हुई फेल

इजरायल की वायु रक्षा प्रणाली ने मिसाइलों को रोकने की कोशिश की, लेकिन सभी हमलों को नाकाम नहीं कर सकी. अधिकारियों के अनुसार, कुछ बैलिस्टिक मिसाइलें सीधे अपने लक्ष्य पर जा गिरीं, जिससे बड़े स्तर पर भारी नुकसान हुआ.

गंभीर रूप से घायल हुए लोग 

ईरान द्वारा किए गए इस हमले में काफी लोग घायल हुए हैं. आपातकालीन सेवा मैगन डेविड एडोम के मुताबिक अराद में 84 लोग घायल हुए. इनमें से दस लोग गंभीर रूप से घायल हैं. वहीं दिमोना में 33 लोगों को चोटें आईं. हमले के बाद घटनास्थल पर काफी अफरा-तफरी और तबाही का माहौल देखा गया.

इजरायल की प्रतिक्रिया

इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने इस घटना को बेहद कठिन स्थिति बताया और  साथ ही उन्होंने आश्वसन दिया है कि बचाव कार्य तेज गति से किया जाएगा. इसके अलावा नागरिकों से सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है. 

जवाबी कार्यवाही जारी

अब इजरायली सेना भी इस हमले का मुंह तोड़ जवाब दे रही है. इजरायली सेना ने भी प्रतिक्रिया देते हुए तेहरान में कई ठिकानों पर हमले शुरू करने की जानकारी दी है. सेना के प्रवक्ता के अनुसार, स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और जांच जारी है. 

सम्बंधित खबर

Recent News