Courtesy: Pinterest
नई दिल्ली: गाजा पट्टी में युद्धविराम के समझौतों को दरकिनार करते हुए इजरायली सेना ने एक बार फिर अपनी सीमाओं का विस्तार करना शुरू कर दिया है. इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने शुक्रवार को एक बड़ा बयान देते हुए कहा कि उन्होंने देश की सेना (IDF) को गाजा पट्टी पर अपना नियंत्रण बढ़ाने के निर्देश दिए हैं. नेतन्याहू का स्पष्ट लक्ष्य अब गाजा के लगभग 70 प्रतिशत भूभाग को अपने कब्जे में लेना है.
नेतन्याहू ने क्या कहा
सीएनएन की एक रिपोर्ट के मुताबिक प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने यह टिप्पणी वेस्ट बैंक में आयोजित एक सम्मेलन के दौरान दिए इंटरव्यू में की. उन्होंने दावा किया कि इजरायल लगातार हमास पर अपनी पकड़ मजबूत कर रहा है। नेतन्याहू ने कहा, हम पहले गाजा के 50 फीसदी इलाके पर थे, जहां से आगे बढ़कर अब हम 60 फीसदी हिस्से को नियंत्रित कर रहे हैं. हमें कदम-दर-कदम आगे बढ़ते हुए सबसे पहले इसे 70 फीसदी तक ले जाना है. उन्होंने जोर देकर कहा कि सेना इस रणनीति पर धीरे-धीरे और चरणों में काम करेगी.
जमीनी हकीकत और नए नक्शे
नेतन्याहू के इस आधिकारिक बयान से पहले ही जमीन पर इस रणनीति के संकेत मिलने लगे थे. हालिया रिपोर्टों के अनुसार, इजरायली रक्षा बलों (IDF) ने सहायता एजेंसियों को नए नक्शे जारी किए थे. इन नक्शों में यह दिखाया गया था कि इजरायल पहले ही गाजा के करीब 64 प्रतिशत हिस्से पर अपना नियंत्रण स्थापित कर चुका है.
गाजा का आम नागरिकों पर असर
सैन्य नियंत्रण के इस विस्तार का सबसे सीधा और भयानक असर गाजा के आम नागरिकों पर पड़ रहा है. जानकारों का कहना है कि इजरायल जैसे-जैसे अपना दायरा बढ़ाएगा गाजा के लगभग 20 लाख फिलिस्तीनियों को बेहद छोटे और संकीर्ण इलाकों में सिमटने के लिए मजबूर होना पड़ेगा जिससे मानवीय संकट और गहरा सकता है.
हमास का आरोप
हमास ने इजरायल पर अक्टूबर 2025 में हुए युद्धविराम समझौते के उल्लंघन का गंभीर आरोप लगाया है. उस समझौते के तहत तय की गई 'येलो लाइन' के मुताबिक इजरायली सेना को पीछे हटना था जिससे उसके पास गाजा का लगभग 53 फीसदी हिस्सा ही रहना था.
हमास ने इजरायल पर लगाया आरोप
हमास ने इजरायल पर इस रेखा को जबरन खिसकाने का आरोप लगाते हुए कहा, सीमा रेखा को बदलना युद्धविराम समझौते को खुलेआम कमजोर करना है. यह सैन्य नियंत्रण मजबूत करने और जमीनी हकीकत को बलपूर्वक बदलने की एक सोची-समझी कोशिश है जिससे शांति और तनाव कम करने की हर कोशिश नाकाम हो जाएगी.
सैन्य विंग के नए प्रमुख मुहम्मद ओदेह का खात्मा
इस राजनीतिक तनाव के बीच मंगलवार को इजरायली सेना ने गाजा में एक बड़ा ऑपरेशन चलाते हुए हमास की सैन्य शाखा के नए प्रमुख मुहम्मद ओदेह को मार गिराया. ओदेह को 7 अक्टूबर के हमलों के मुख्य योजनाकारों में से एक माना जाता था. इजरायली प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पुष्टि की कि यह कार्रवाई खुद पीएम नेतन्याहू और रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज़ के सीधे निर्देशों पर की गई थी.