Courtesy: X (@CollinRugg)
नई दिल्ली: अफ्रीका महाद्वीप के उत्तरी छोर पर बसा स्पेन का छोटा सा शहर स्यूटा अचानक जंग के मैदान जैसा नजारा पेश करने लगा. मोरक्को की सीमा से सटे इस इलाके में बीते दिनों जो कुछ हुआ, उसने न केवल स्पेन बल्कि पूरे यूरोप को हिलाकर रख दिया. बेहतर जीवन की उम्मीद में हजारों लोग किसी भी तरह सीमा पार करने की जुगत में जुट गए. सामने आए वीडियो देखकर यकीन करना मुश्किल था कि यह हकीकत है या किसी फिल्म का दृश्य. न्यूयॉर्क टाइम्स की एक रिपोर्ट के हवाले से सामने आया कि इस अफरा-तफरी में कम से कम 18 लोगों की जान चली गई. हालात इतने बेकाबू हो गए कि आखिरकार स्पेन सरकार को शहर में सेना उतारनी पड़ी.
सीमा पर पूरी तरह टूट गई व्यवस्था
स्पेन प्रशासन ने साफ किया कि सिविल गार्ड बलों की सहायता के लिए सेना को स्यूटा भेजा जा रहा है, ताकि शहर में कानून-व्यवस्था बहाल की जा सके. यह भी बताया गया कि देश के प्रधानमंत्री पेद्रो सांचेज गृह मंत्री फर्नांडो ग्रांदे-मार्लास्का के साथ शुक्रवार को स्यूटा का दौरा करेंगे. स्यूटा में तैनात सिविल गार्ड अधिकारियों के एक संगठन के मुखिया राशिद स्बीही ने समाचार एजेंसी एपी को बताया कि सीमा पर स्थिति पूरी तरह बेकाबू हो चुकी है और पार करने वालों की सटीक गिनती बता पाना भी संभव नहीं रह गया है.
वीडियो वायरल
सामने आए वीडियो फुटेज में तराजाल समुद्र तट के रास्ते बड़ी संख्या में लोग स्थानीय सड़कों की ओर बढ़ते नजर आए, जिनमें ज्यादातर मोरक्को मूल के युवा पुरुष थे, महिलाएं और छोटे बच्चों वाले परिवार भी इस भीड़ में शामिल थे. एपी से जुड़े एक फोटो पत्रकार ने बताया कि इनमें से कई लोग स्पेन की जय-जयकार करते हुए नारे लगा रहे थे.
इटली तक पहुंची आंच
इस पूरे घटनाक्रम का असर स्पेन की सीमाओं से आगे इटली तक भी महसूस किया गया, जो प्रवासियों के लिए एक प्रमुख गंतव्य माना जाता है. इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि जरूरत पड़ने पर वे अपने नागरिकों की सुरक्षा के मद्देनजर स्पेन के साथ शेंगेन खुली सीमा व्यवस्था को निलंबित करने पर भी विचार कर सकती हैं, भले ही इटली की सीधी सीमा स्पेन से नहीं लगती.
कई लोग तैरकर पार करने की कोशिश करते रहे
वहीं मोरक्को के कुछ सामाजिक कार्यकर्ताओं ने इस तर्क पर सवाल उठाते हुए कहा कि आम प्रवासियों को ऐसे कूटनीतिक या कानूनी फैसलों की जानकारी शायद ही होती है. दरअसल हिंसा और आर्थिक तंगी से जूझ रहे अफ्रीकी देशों के लोगों के लिए यूरोप में प्रवेश का सबसे आसान रास्ता स्पेन का यही तटीय इलाका माना जाता रहा है. मोरक्को के फनिदेक शहर से स्यूटा की दूरी करीब पांच किलोमीटर है, जिसे कई लोग तैरकर पार करने की कोशिश करते हैं, जबकि बेल्यूनेश जैसे नजदीकी इलाकों से भी घुसपैठ की कोशिशें होती रही हैं.