menu-icon
The Bharatvarsh News

कमजोर पड़ रही हमास की पकड़? इजरायल के ताजा हमले में दो टॉप कमांडरों का अंत

गाजा पट्टी में जारी भीषण जंग के बीच इजरायल डिफेंस फोर्सेज ने हमास के खिलाफ एक और बड़ा अभियान चलाने का दावा किया है. उत्तरी गाजा में किए गए टारगेटेड एयरस्ट्राइक में हमास के दो वरिष्ठ ऑपरेटर्स मारे गए हैं.

Calendar Last Updated : 28 May 2026, 08:39 AM IST
Share:

नई दिल्ली: गाजा पट्टी में चल रहे भीषण संघर्ष के बीच इजरायल डिफेंस फोर्सेज ने एक बार फिर हमास के शीर्ष नेतृत्व पर बड़ा हमला किया है. इजरायली सेना ने दावा किया है कि उत्तरी गाजा में किए गए सटीक हवाई हमलों में हमास के दो और 'वरिष्ठ' ऑपरेटरों को मार गिराया गया है.

अभियान से जुड़ी जानकारी

सेना के मुताबिक इस अभियान से जुड़ी विस्तृत जानकारी जल्द ही साझा की जाएगी. यह कार्रवाई इजरायली वायुसेना द्वारा हमास की सैन्य शाखा के नवनियुक्त प्रमुख और 7 अक्टूबर के हमले के मुख्य साजिशकर्ताओं में से एक, मोहम्मद ओदेह को ढेर करने के ठीक बाद सामने आई है.

पीएमओ ने की मोहम्मद ओदेह की मौत की पुष्टि

इजरायल के प्रधानमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर एक पोस्ट के जरिए मोहम्मद ओदेह के मारे जाने की आधिकारिक पुष्टि की है. पीएमओ के अनुसार यह बेहद संवेदनशील और बड़ा सैन्य ऑपरेशन प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज़ के सीधे निर्देशों पर अंजाम दिया गया.

नेतन्याहू ने क्या कहा

प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने साफ शब्दों में कहा, हमने हमास की सैन्य शाखा के नेता और 7 अक्टूबर के नरसंहार के वास्तुकार मोहम्मद ओदेह को मार गिराया है. हम इस हमले में शामिल हर एक दोषी को ढूंढकर खत्म करेंगे.

सिर्फ एक हफ्ते पहले मिली थी कमान

मोहम्मद ओदेह का मारा जाना हमास के लिए एक बहुत बड़ा झटका माना जा रहा है. ओदेह को महज एक सप्ताह पहले ही हमास की सैन्य शाखा का नया प्रमुख नियुक्त किया गया था। उससे पहले इस पद पर मौजूद एज्ज़ेदीन अल-हदाद को भी करीब दो हफ्ते पहले इजरायली सेना ने गाजा पट्टी में एक हवाई हमले में मार गिराया था.

इजरायल पर आतंकी हमले

खुफिया दस्तावेजों के अनुसार ओदेह ने 7 अक्टूबर 2023 को इजरायल पर हुए आतंकी हमले के दौरान हमास के खुफिया स्टाफ के प्रमुख के रूप में काम किया था. इजरायली नागरिकों और सैनिकों की हत्या, अपहरण और उन्हें गंभीर रूप से घायल करने की कई घटनाओं में उसकी सीधी संलिप्तता थी.

रिहायशी इलाकों पर हमला

जमीनी स्तर पर तबाही का सिलसिला भी जारी है. समाचार एजेंसी अल जजीरा ने फिलिस्तीन रेड क्रिसेंट सोसाइटी के हवाले से बताया कि मध्य गाजा शहर में एक आवासीय मकान पर हुए इजरायली हवाई हमले में कम से कम चार फिलिस्तीनियों की मौत हो गई जबकि 15 अन्य लोग घायल हुए हैं.

साइटों पर ताबड़तोड़ हमले

दूसरी तरफ इजरायल ने लेबनान में सक्रिय आतंकी संगठन हिजबुल्लाह के खिलाफ भी मोर्चा खोल रखा है. इजरायली सेना का दावा है कि उन्होंने पूरे दिन हिजबुल्लाह के सैन्य ठिकानों, कमांड सेंटरों और रॉकेट लॉन्च साइटों पर ताबड़तोड़ हमले किए हैं. सैन्य आंकड़ों के अनुसार इस सप्ताह की शुरुआत से लेकर अब तक इजरायली वायुसेना लेबनान में हिजबुल्लाह के लगभग 550 ठिकानों को पूरी तरह से निशाना बना चुकी है.

सम्बंधित खबर

Recent News