menu-icon
The Bharatvarsh News

उत्तर भारत में बारिश और कोहरे का अलर्ट, तापमान में होगी बढ़ोत्तरी

आज उत्तर भारत के जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में हल्की बारिश-बर्फबारी संभव है. पंजाब-हिमाचल में घना कोहरा रहेगा, जबकि मैदानी इलाकों में तापमान 2-3 डिग्री बढ़ेगा और गर्मी महसूस होगी.

Calendar Last Updated : 26 February 2026, 07:18 AM IST
Share:

नई दिल्ली: देश के मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है. जहां उत्तर-पश्चिम के मैदानी क्षेत्रों में गर्मी तेजी से बढ़ रही है, वहीं पहाड़ी इलाकों में पश्चिमी विक्षोभ के कारण बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है. आईएमडी ने अलर्ट जारी करते हुए बताया कि आज उत्तर भारत के कुछ राज्यों में हल्की वर्षा होगी, साथ ही कई जिलों में सुबह घना कोहरा छाए रहने की आशंका है. दक्षिण में भी कुछ जगहों पर बारिश जारी रहेगी, जबकि दिल्ली-यूपी जैसे शहरों में तापमान चढ़ेगा. 

उत्तर भारत में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार, दो कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से 26 से 28 फरवरी तक पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र प्रभावित होगा. जम्मू-कश्मीर में 26-27 फरवरी को हल्की बारिश या बर्फबारी हो सकती है. हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 27-28 फरवरी को छिटपुट बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फ गिरने की संभावना है. इससे ठंड फिर से बढ़ सकती है.

घने कोहरे की चेतावनी जारी

उत्तर भारत के कई जिलों में सुबह के समय घना कोहरा छाने का अलर्ट है. पंजाब और हिमाचल प्रदेश में 26 फरवरी तक कोहरे की स्थिति बनी रहेगी. यूपी के कुछ पूर्वी जिलों में भी हल्का कोहरा देखा जा सकता है. इससे दृश्यता प्रभावित होगी और यात्रा में सावधानी बरतनी होगी. मैदानी इलाकों में कोहरा कमजोर पड़ रहा है, लेकिन पहाड़ी क्षेत्रों में सतर्कता जरूरी है.

मैदानी इलाकों में तापमान बढ़ोतरी

उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के मैदानी भागों में अगले सात दिनों तक अधिकतम तापमान 2-3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है. दिल्ली में आज अधिकतम 29-31 डिग्री, न्यूनतम 14 डिग्री रहेगा. लखनऊ और पटना में भी 29 डिग्री के आसपास रहेगा. जयपुर में 30 डिग्री तक पहुंच सकता है. इससे दोपहर में गर्मी का एहसास होगा.

दक्षिण और अन्य क्षेत्रों का हाल

दक्षिण भारत में तेलंगाना, उत्तर आंतरिक कर्नाटक और अंडमान-निकोबार में 26 फरवरी को हल्की-मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं (30-40 किमी/घंटा) की संभावना है. तमिलनाडु में भी कुछ जिलों में हल्की वर्षा और सुबह कोहरा रहेगा. मध्य प्रदेश और राजस्थान में गर्मी बढ़ेगी, जहां तापमान 31-35 डिग्री तक जा सकता है.

सम्बंधित खबर

Recent News