menu-icon
The Bharatvarsh News

नेपाल में बाढ़ से मची तबाही के बीच PM मोदी और PM बालेन शाह के बीच हुई बात, भारतीय दूतावास ने हेल्पलाइन नंबर किए जारी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार (26 अगस्त) को नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह से बात की और पड़ोसी देश में विनाशकारी बाढ़ से हुई जान-माल की हानि पर शोक व्यक्त किया।

Calendar Last Updated : 26 August 2026, 06:39 PM IST
Share:

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार 26 अगस्त को नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह से बात की और पड़ोसी देश में विनाशकारी बाढ़ से हुई जान माल की हानि पर शोक व्यक्त किया। PM मोदी ने शाह को भारत के पूर्ण समर्थन का भरोसा दिलाया और संकट से निपटने में नेपाल की मदद के लिए हर संभव मानवीय और राहत सहायता की पेशकश की।

तिब्बत से सटे नेपाल के दो जिलों में अचानक आई भीषण बाढ़ में कम से कम 22 लोगों की मौत हो गई, 400 लोग लापता हो गए और नदी के किनारे बसे इलाकों में भारी तबाही हुई जिसमें एक दर्जन जलविद्युत परियोजनाएं भी शामिल हैं।

भारत हर संभव सहायता देने को तैयार: PM मोदी   

X पर एक पोस्ट में PM मोदी ने कहा कि भारत के लोग इस मुश्किल समय में नेपाल के साथ एकजुटता से खड़े हैं और देश को हर संभव मानवीय सहायता का भरोसा दिलाया।

उन्होंने कहा कि भारतीय टीमें बचाव और राहत कार्यों के लिए नेपाली अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रही हैं। प्रधानमंत्री ने लिखा प्रधानमंत्री बालेन शाह से बात की और नेपाल में बाढ़ के कारण हुई मौतों पर शोक व्यक्त किया।

भारत के लोग इस मुश्किल समय में नेपाल में अपने बहनों और भाइयों के साथ एकजुटता से खड़े हैं। भारत नेपाल को हर संभव मानवीय सहायता देने के लिए तैयार है। हमारी टीमें बचाव और राहत कार्यों में मिलकर काम कर रही हैं।

भारत नेपाल को सहायता भेज रहा है, NDRF तैनात करने पर विचार   

अधिकारियों ने बताया कि भारत वायु सेना के विमान से बाढ़ प्रभावित नेपाल को राहत सामग्री भेजने की तैयारी कर रहा है। सरकार की मानवीय सहायता और आपदा राहत पहल HADR के तहत पड़ोसी देश को दवाएं, राशन और अन्य आवश्यक आपूर्ति वाली एक आपातकालीन खेप भेजी जाएगी।

अधिकारियों ने कहा कि सरकार प्रभावित क्षेत्रों में बचाव और राहत कार्यों में सहायता के लिए नेपाल में राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल NDRF के जवानों को तैनात करने पर भी विचार कर रही है।

लापता 291 विदेशियों में 105 भारतीय शामिल   

नेपाल के रसुवा इलाके में भोटे कोशी नदी में अचानक आई बाढ़ के बाद लापता हुए विदेशी नागरिकों में लगभग 105 भारतीय शामिल हैं। देश के पर्यटन बोर्ड ने बुधवार को यह जानकारी दी और बताया कि यह जानकारी पर्यटन और यात्रा कंपनियों से प्राप्त प्रारंभिक एजेंसी वार रिकॉर्ड पर आधारित है।

बोर्ड ने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों से 384 यात्रियों के लापता होने की सूचना मिली है जिनमें 291 विदेशी नागरिक और 93 नेपाली नागरिक शामिल हैं। नेपाल टूरिज्म की ओर से जारी लापता लोगों की लिस्ट में यह भी बताया गया है कि हिमालयन ग्लेशियर इलाके से 37 NRI लापता हैं।

भारतीय दूतावास ने हेल्पलाइन नंबर जारी किए   

नेपाल में भारतीय दूतावास ने इमरजेंसी कॉन्टैक्ट नंबर भी दिए हैं। दूतावास ने X पर पोस्ट में कहा आज नेपाल में अचानक आई बाढ़ से प्रभावित भारतीय नागरिकों से जुड़ी मदद और जानकारी के लिए इन इमरजेंसी नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है +977 9851316807 और +977 9709107500।

इन दोनों इमरजेंसी नंबरों पर WhatsApp के जरिए भी संपर्क किया जा सकता है। दूतावास ने कहा कि वह नेपाल के संबंधित अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहा है।

ताकि बुधवार को देश में आई अचानक बाढ़ से प्रभावित भारतीय नागरिकों को जल्द से जल्द बचाया जा सके और उन्हें राहत पहुंचाई जा सके। आपदा से प्रभावित लोगों की मदद के लिए नेपाल सरकार के साथ मिलकर बचाव और राहत कार्यों को और मजबूत किया जा रहा है।

सम्बंधित खबर

Recent News