menu-icon
The Bharatvarsh News

डेटिंग ऐप पर मिली 'ड्रीम गर्ल', पहली मुलाकात में 20 हजार से ज्यादा का बिल थमाकर हुई गायब!

दिल्ली के एक युवक के साथ हाल ही में कुछ ऐसा ही हुआ, जब उसकी पहली डेट उसे भारी पड़ गई और यह किस्सा अब रेडिट पर सुर्खियां बटोर रहा है। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि युवक को रुपये गंवाने का उतना मलाल नहीं जितना उस पूरे बर्ताव का है।

Calendar Last Updated : 03 August 2026, 01:26 PM IST
Share:

नई दिल्ली: प्यार की तलाश में डेटिंग ऐप्स का सहारा लेना आजकल की जिंदगी का हिस्सा बन चुका है, मगर स्क्रीन के पीछे बैठा शख्स असल में कैसा निकलेगा, यह कोई गारंटी नहीं देता। दिल्ली के एक युवक के साथ हाल ही में कुछ ऐसा ही हुआ, जब उसकी पहली डेट उसे भारी पड़ गई और यह किस्सा अब रेडिट पर सुर्खियां बटोर रहा है। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि युवक को रुपये गंवाने का उतना मलाल नहीं जितना उस पूरे बर्ताव का। उसने लिखा कि जिस वक्त बिल टेबल पर आया, ठीक उसी वक्त लड़की वॉशरूम की तरफ निकल गई थी। युवक ने साफ किया कि वह बिना पुख्ता सबूत के किसी पर सीधा इल्जाम नहीं लगाना चाहता। 

युवक के सिर पड़ा हजारों का बिल

युवक ने अपनी आपबीती शेयर करते हुए बताया कि उसकी मुलाकात एक लड़की से डेटिंग ऐप के जरिए हुई थी। कुछ दिन दोनों के बीच मैसेज पर बातचीत चली, और फिर मामला इतना आगे बढ़ गया कि उसी दिन मिलने का फैसला ले लिया गया। लड़की ने पब चलने का सुझाव दिया, और युवक बिना ज्यादा सोचे-समझे उसके साथ हो लिया।

युवक खुद शराब और सिगरेट से कोसों दूर रहता है। इसके बावजूद पब पहुंचते ही आर्डर की झड़ी लग गई। कहानी के मुताबिक कई शैंपेन की बोतलें मंगाई गईं, जिनका खर्च ही करीब 13 हजार रुपये तक जा पहुंचा। इसके ऊपर दो हुक्कों का बिल भी करीब 6 हजार रुपये बना। जब वेटर आखिर में बिल लेकर आया, तो आंकड़ा 20,500 रुपये तक पहुंच चुका था। 

यह पुराना डेटिंग स्कैम है

जैसे ही यह वाकया इंटरनेट पर वायरल हुआ, सोशल मीडिया यूजर्स ने युवक को दिल्ली-एनसीआर में सक्रिय एक गिरोह के बारे में सचेत करना शुरू कर दिया। कई अनुभवी यूज़र्स ने बताया कि यह राजधानी में जारी एक जाना-माना 'डेटिंग ऐप स्कैम' है। इस खेल में फर्जी प्रोफाइल के जरिए भोले-भाले लोगों को फंसाया जाता है और कुछ चुनिंदा महंगे पब्स या रेस्टोरेंट में ले जाकर जानबूझकर बड़ा बिल बनवाया जाता है, जिसमें पब संचालकों का भी कमिशन बंधा होता है। यूजर्स ने सलाह दी है कि अनजान लोगों से पहली मुलाकात में हमेशा सतर्क रहें, जगह का चुनाव खुद करें और बिना जांचे-परखे किसी पर अंधाधुंध भरोसा न करें।

सम्बंधित खबर

Recent News