Courtesy: X
मध्यप्रदेश: ट्विशा शर्मा सुसाइड मामले में बड़ा मोड़ आ गया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए सरकार ने इसकी जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो से कराने की सिफारिश कर दी है. परिवार की लगातार मांग और बढ़ते विवाद के बीच अब देश की सबसे बड़ी जांच एजेंसी इस पूरे मामले की तह तक पहुंचने की कोशिश करेगी. सरकार के इस फैसले के बाद ट्विशा शर्मा के परिवार को निष्पक्ष जांच और न्याय मिलने की उम्मीद और मजबूत हुई है. दूसरी ओर, परिवार और उनके वकील अब आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई तेज करने की तैयारी में जुट गए हैं. मामले को लेकर अदालत में भी जल्द अहम सुनवाई होने की संभावना है.
ट्विशा शर्मा के परिवार के वकील आयुष तिवारी ने कोर्ट में पैरवी के दौरान कई गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने ट्विशा शर्मा और उनकी सास गिरीबाला सिंह के बीच हुई व्हाट्सएप चैट का हवाला देते हुए दावा किया कि ट्विशा को ससुराल में लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था. वकील ने कहा, इन दोनों के बीच की व्हाट्सएप चैट से साफ तौर पर ये जाहिर होता है कि ट्विशा को ससुराल में लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था. उसे बहुत ज्यादा परेशान किया जा रहा था.
ट्विशा शर्मा का परिवार अब इस मामले के हर पहलू को सामने लाने के लिए कानूनी लड़ाई तेज करने जा रहा है. परिवार अदालत में शव का दोबारा पोस्टमार्टम कराने की मांग उठाने की तैयारी कर रहा है. वहीं, मामले के आरोपी पति समर्थ सिंह की अग्रिम जमानत का विरोध करने की बात भी कही गई है. इसके साथ ही ट्विशा की सास गिरीबाला सिंह को मिली अग्रिम जमानत को रद्द करने की मांग भी उठाई जा रही है.
वकील आयुष तिवारी ने गिरीबाला सिंह को एफआईआर दर्ज होने के कुछ ही घंटों के भीतर मिली अग्रिम जमानत पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि इतनी तेजी से मिली राहत यह संकेत देती है कि प्रभाव और पद का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. वकील का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच के लिए सभी पहलुओं की गहराई से जांच जरूरी है.
ट्विशा शर्मा के परिवार ने इस पूरे मामले को लेकर मध्य प्रदेश हाई कोर्ट का रुख किया है. परिवार की ओर से दायर विशेष याचिका पर शनिवार को सुनवाई हो सकती है. अब सीबीआई जांच की सिफारिश के बाद इस मामले में नई जांच प्रक्रिया शुरू होने की संभावना है, जिस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं.
A post shared by dt.Nimisha singh thakur🧿 (@nimishasinghthakur20)