menu-icon
The Bharatvarsh News

मुलुंड में मुंबई मेट्रो कंस्ट्रक्शन का 6x4 फीट का पैरापेट ऑटो-कार पर गिरा, 1 की मौत 3 गंभीर घायल; सुरक्षा पर उठ रहे सवाल

मुंबई के मुलुंड इलाके में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया. जिसने निर्माणाधीन मेट्रो परियोजना पर सवाल खड़े कर दिए हैं. एलबीएस रोड पर बन रहे ऊंचे मेट्रो पुल की मुंडेर का हिस्सा अचानक नीचे गिर पड़ा

Calendar Last Updated : 14 February 2026, 03:55 PM IST
Share:

मुंबई: मुंबई के मुलुंड इलाके में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया. जिसने निर्माणाधीन मेट्रो परियोजना पर सवाल खड़े कर दिए हैं. एलबीएस रोड पर बन रहे ऊंचे मेट्रो पुल की मुंडेर का हिस्सा अचानक नीचे गिर पड़ा, जिसकी चपेट में एक ऑटो रिक्शा और एक कार आ गई. इस हादसे में एक व्यक्ति की जान चली गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और राहत-बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंचा. 

अधिकारियों के अनुसार, यह हादसा निर्माणाधीन मेट्रो पुल के पैरापेट (मुंडेर) के गिरने से हुआ. घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है. परियोजना की देखरेख कर रही मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (एमएमआरडीए) ने बताया कि सभी घायलों को जरूरी चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है.

6x4 फीट का हिस्सा गिरा

बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) के आपदा नियंत्रण विभाग के मुताबिक, गिरा हुआ हिस्सा लगभग 6x4 फीट का था. यह हिस्सा सीधे नीचे से गुजर रहे वाहनों पर आ गिरा. मेट्रो परियोजना की टीम और आपदा प्रबंधन अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचकर राहत कार्यों में जुट गए और इलाके को सुरक्षित किया गया.

1 की मौत, 3 घायल

इस दुर्घटना में रामधन यादव की मौत हो गई. 45 वर्षीय राजकुमार इंद्रजीत यादव को गंभीर हालत में आईसीयू में भर्ती कराया गया है. वहीं 52 वर्षीय महेंद्र प्रताप यादव और 40 वर्षीय दीपा रुहिया को भी चोटें आई हैं, लेकिन उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है.

जारी जांच के आदेश

एमएमआरडीए ने घटना के कारणों की जांच के आदेश दे दिए हैं. अधिकारियों का कहना है कि निर्माण सुरक्षा मानकों और संरचनात्मक मजबूती की गहन समीक्षा की जाएगी, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके. फिलहाल, प्रशासन की प्राथमिकता घायलों के उपचार और स्थल की सुरक्षा सुनिश्चित करना है. 

सम्बंधित खबर

Recent News