menu-icon
The Bharatvarsh News

Jharkhand : सीएम हेमंत सोरेन पर गिरफ्तारी की लटकी तलवार, मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ED आज करेगी पूछताछ

Jharkhand Land Scam: मनी लॉन्ड्रिंग मामले को लेकर आज प्रवर्तन निदेशालय की टीम झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन से पूछताछ करेगी. जिसके लिए ईडी आज रांची में स्थित उनके आवास पहुंचेगी.

Calendar Last Updated : 31 January 2024, 11:53 AM IST
Share:

Jharkhand Land Scam : मनी लॉन्ड्रिंग मामले को लेकर झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन पर ईडी का शिकंजा कसता जा रहा है. बीते सोमवार को ईडी ने दिल्ली और रांची स्थित हेमंत सोरेन के कई ठिकानों पर छापेमारी की. वहीं, पूछताछ के लिए दिल्ली स्थित उनके आवास पहुंची ईडी की मुलाकात सीएम सोरेन से नहीं हो पाई थी. हेमंत सोरेन कथित तौर पर करीब 41 घंटे के लिए लापता हो गए थे. जिसके बाद वो बीते मंगलवार को रांची में नजर आए थे. 

आज ईडी सीएम सोरेन से करेगी पूछताछ

मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पूछताछ करने के लिए ईडी आज सीएम सोरेन के रांची स्थित आवास पहुंचेगी. उन्होंने  ईडी को अपने आवास पर पूछताछ के लिए बुलाया है. बता दें, मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पूछताछ के लिए सीएम हेमंत सोरेन ने ईडी को 31 जनवरी का समय दिया था. यह जानकारी ईडी के क्षेत्रीय कार्यालय को मुख्यमंत्री कार्यालय की तरफ से आधिकारिक पत्र भेज कर दी गई थी. प्रेषित किए गए पत्र और ईमेल में ईडी को 31 जनवरी को पूछताछ के लिए समय की जानकारी दी गई थी. बता दें, 27 जनवरी को ईडी ने सीएम को पत्र लिखकर मामले के संबंध में पूछताछ के लिए 29 या 31 जनवरी की तारीख मांगी थी.

झारखंड की राजनीति का बदलेगा रुख! 

माना जा रहा है कि ईडी की पूछताछ के बाद झारखंड की राजनीति में कई बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं. मनी लॉन्ड्रिंग मामले में अगर सीएम सोरेन आरोपी पाए जाते हैं, तो सीएम की कुर्सी का दावेदार कौन होगा यह भी एक बड़ा सवाल है. वहीं, खबरों के अनुसार, इससे पहले झारखंड में विधायक दल की बैठक बुलाई गई थी, जहां कल्पना सोरेन के नाम को लेकर चर्चा हुई. लेकिन इस पर सभी की सहमति नहीं बन पाई है. बता दें, इस बैठक में कुल 35 विधायक शामिल हुए थे, जहां पर उन्होंने सादे कागज पर हस्ताक्षर किए. अब मुख्यमंत्री का राज्यपाल से मिलने का कोई विचार नहीं है.  

प्रवर्तन निदेशालय ने भेजा था 10वां समन

प्रवर्तन निदेशालय ने सीएम हेमंत सोरेन को 10वां समन भेजकर 29 से 31 जनवरी के बीच पूछताछ के लिए दिल्ली बुलाया था. खबरों के अनुसार, इसी वजह से सीएम सोरेन दिल्‍ली के लिए रवाना हुए थे. माना जा रहा है कि मनी लॉन्ड्रिंग मामले में सीएम सोरेन पर गिरफ्तारी की तलवार लटक रही है. 

मनी लॉन्ड्रिंग मामले दूसरी बार पूछताछ

बता दें, ईडी इससे पहले 20 जनवरी को कथित जमीन घोटाला मामले को लेकर सीएम हेमंत सोरेन से पूछताछ कर चुकी है. जहां इस मामले में पहली बार सीएम सोरेन का बयान दर्ज किया गया था. प्रवर्तन निदेशालय के अधिकारियों ने लगभग सात घंटों तक धन शोधन निवारण अधिनियम के तहत सीएम सोरेन का बयान दर्ज किया था. लेकिन मामले में पूछताछ पूरी नहीं हो पाई थी, इसीलिए ईडी ने नया समन जारी किया था. ईडी के अनुसार, यह जमीन घोटाले से जुड़ा मामला है. इस जमीन का मालिकाना हक माफिया के पास है. ईडी ने अब तक इस मामले में 14 लोगों को गिरफ्तार किया है जिसमें 2011 बैच की आईएएस अधिकारी छवि रंजन भी शामिल हैं.

सम्बंधित खबर

Recent News