menu-icon
The Bharatvarsh News

मार्च में सर्दियों की वापसी! दिल्ली में 6 साल का सबसे ठंडा दिन, कोहरा-बारिश से परेशान लोग

शनिवार की सुबह दिल्ली घने कोहरे और बादलों की चादर में लिपटी नजर आई, जिससे लोगों को सर्दियों जैसे हालात का अहसास हुआ. सुबह करीब 7:20 बजे सफदरजंग वेधशाला में तापमान 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और ह्यूमिडिटी सौ प्रतिशत रही.

Calendar Last Updated : 21 March 2026, 09:34 AM IST
Share:

नई दिल्ली: मार्च में आमतौर पर गर्मी बढ़ने लगती है, लेकिन इस बार मार्च में मौसम ने अचानक करवट लेकर राजधानी को ठंड और बारिश से चौंका दिया है. शनिवार की सुबह दिल्ली घने कोहरे और बादलों की चादर में लिपटी नजर आई, जिससे लोगों को सर्दियों जैसे हालात का अहसास हुआ. शनिवार की सुबह ने एक बार फिर से दिल्लीवासियों को अपने ठंड के कपड़े निकालने पर मजबूर कर दिए. 

सुबह करीब 7:20 बजे सफदरजंग वेधशाला में तापमान 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और ह्यूमिडिटी सौ प्रतिशत रही. पूरे शहर में धुंध छाई रही, हालांकि भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शनिवार के लिए कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की. 

बारिश से बदला मौसम का मिजाज

दिल्ली में पिछले कुछ दिनों से लगातार बारिश हो रही है जिस कारण दिल्ली में मार्च के महीने में भी ठंड बढ़ रही है. शुक्रवार को हुई तेज बारिश और बादलों की चमक ने दिल्ली-एनसीआर के मौसम को पूरी तरह बदल दिया है. 

IMD ने पहले ही येलो अलर्ट जारी किया था. इस बारिश की वजह सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ रहा, जिसने लंबे समय से पड़ रही गर्मी से राहत दिलाई. 

मार्च का सबसे ठंडा दिन

दिल्ली में शुक्रवार को बीते छह वर्षों में मार्च का सबसे ठंडा दिन दर्ज किया गया. इससे पहले ऐसा तापमान 8 मार्च 2020 को देखा गया था. इस असामान्य गिरावट ने लोगों को गर्म कपड़े पहनने पर मजबूर कर दिया है. 

हवा की गुणवत्ता में सुधार

लगातार हो रही बारिश के कारण न केवल तापमान गिरा है बल्कि वायु गुणवत्ता में भी बड़ा सुधार देखने को मिला. इस दौरान एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 93 दर्ज किया गया, जो ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है. करीब पांच महीनों बाद यह पहला मौका था जब हवा इतनी साफ दर्ज की गई. 

अन्य राज्यों में भी असर

दिल्ली के अलावा उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में भी तेज हवाएं, बारिश और बादलों की चमक देखने को मिली. इन परिस्थितियों ने कई जगहों पर तूफानी हालात पैदा कर दिए. 

सम्बंधित खबर

Recent News