नई दिल्ली: IPL 2026 की उल्टी गिनती शुरु हो चुकी है. लीग को शुरु होने में महज चंद दिन ही शेष रह गए हैं. आईपीएल का आगाज 28 मार्च से हो जाएगा. लेकिन उससे पहले सभी टीमों में परिवर्तन लगभग हो चुके हैं. लेकिन जिस परिवर्तन ने सबसे ज्यादा ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया वह है रविंद्र जडेजा और संजू सैमसन का ट्रेड.
इस कदम को लेकर अब क्रिकेट जगत में सकारात्मक चर्चा हो रही है, और पूर्व दिग्गज खिलाड़ी अनिल कुंबले ने भी इसे टीम के लिए सही दिशा में उठाया गया कदम बताया है.
विश्व कप विजेता खिलाड़ी विकेटकीपर संजू सैमसन जब से चेन्नई सुपर किंग्स में शामिल हुए हैं तब से उन्हें लेकर चर्चाएं और तेज हो गई हैं. अब कयास लगाए जा रहे हैं कि संजू सैमसन को सीएसके का उपकप्तान बनाया जा सकता है.
दरअसल क्रिकेट के प्रकांड पंडित और पूर्व खिलाड़ी अनिल कुंबले ने सीएसके द्वारा संजू सैमसन को टीम में शामिल करने के फैसले की सराहना करते हुए कहा कि सैमसन भविष्य में टीम के उप-कप्तान की भूमिका निभा सकते हैं. ऋतुराज गायकवाड़ के कप्तान रहते हुए भी सैमसन लीडरशिप ग्रुप का हिस्सा हो सकते हैं. उन्होंने पहले राजस्थान की कप्तानी की है, जिससे उन्हें दबाव में फैसले लेने का अनुभव है
कुंबले का मानना है कि सैमसन का चयन सीएसके की जरूरतों के अनुरूप है. उन्होंने भारतीय क्रिकेट की विरासत का जिक्र करते हुए बताया कि कैसे अलग-अलग पीढ़ियों ने इस खेल को आगे बढ़ाया है, और सैमसन जैसे खिलाड़ी उसी कड़ी को मजबूत करते हैं.
कुंबले ने सैमसन के हालिया प्रदर्शन की भी सराहना की है. उन्होंने कार्यकर्म के दौरान आगे कहा कि संजू मौजूदा सयम में काफी शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं. संजू की मौजूदा फॉर्म का फायदा सीएसके को जरूर होगा. उनके अनुसार, विश्व स्तर पर शानदार प्रदर्शन और निरंतर अच्छी पारियां उन्हें आत्मविश्वास से भरती हैं.
अब अगर संजू सैमसन के आईपीएल करियर की बात की जाए तो उन्होंने अपने करियर में अब तक केवल 2 टीमों राजस्थान रॉयल्स और दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेला है. संजू ने इन दो टीमों के लिए खेलते हुए 177 मैच में 30.94 की औसत से 4704 रन बनाए हैं.