menu-icon
The Bharatvarsh News

श्रीलंका ए के खिलाफ वैभव सूर्यवंशी ने वनडे में किया एंट्री, तिलक वर्मा ने जताया भरोसा

15 साल के सनसनीखेज बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी आज वनडे फॉर्मेट में अपना जलवा दिखाने के लिए तैयार हैं. आईपीएल 2026 के बाद ट्राई नेशन सीरीज में इंडिया ए का पहला मैच मेजबान श्रीलंका ए के खिलाफ खेला जाएगा, जिसमें वैभव बेहतरीन प्रदर्शन कर सकते हैं.

Calendar Last Updated : 09 June 2026, 03:47 PM IST
Share:

नई दिल्ली: मात्र 15 साल की उम्र में क्रिकेट जगत को अपनी प्रतिभा से हैरान करने वाले वैभव सूर्यवंशी आज वनडे क्रिकेट में अपना जलवा दिखाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं. मंगलवार 9 जून को श्रीलंका में शुरू हो रही त्रिकोणीय एकदिवसीय सीरीज में इंडिया ए का पहला मैच मेजबान श्रीलंका ए के खिलाफ खेला जाएगा. आईपीएल 2026 के बाद यह उनका पहला मैच होगा और सबकी निगाहें इस युवा सनसनी पर टिकी हुई हैं.

आईपीएल स्टार अब वनडे में साबित करेगा दम

वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल में अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से देशभर में धूम मचा दी थी. उनके शानदार प्रदर्शन के बाद उन्हें भारतीय टी20 टीम में भी जगह मिल गई. अब वह 50 ओवर के फॉर्मेट में अपनी क्षमता दिखाने उतर रहे हैं.

श्रीलंका की स्पिन-फ्रेंडली पिचों पर आक्रामक स्टाइल के साथ-साथ लंबी पारी खेलने की चुनौती उनके सामने होगी. अभ्यास सत्र में उन्हें रक्षात्मक खेलते हुए भी देखा गया, लेकिन उनकी मुख्य पहचान तेज और दमदार बल्लेबाजी ही है.

तिलक वर्मा ने जताया भरोसा

भारत ए के कप्तान तिलक वर्मा ने मैच से पहले वैभव की तारीफ करते हुए कहा कि यह सीरीज उनके लिए लंबे फॉर्मेट में खुद को परखने का बेहतरीन मौका है. तिलक ने कहा, “सभी ने देखा है कि वह कितने प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं.

अंडर-19 विश्व कप के फाइनल में उन्होंने शानदार बल्लेबाजी की थी. श्रीलंका की धीमी पिचों पर उनकी भूमिका थोड़ी अलग होगी, लेकिन मुझे पूरा विश्वास है कि वह यहां भी कमाल दिखाएंगे.”

तिलक की कप्तानी की भी होगी परीक्षा

यह सीरीज तिलक वर्मा की कप्तानी कौशल की भी परीक्षा लेगी. राष्ट्रीय टीम में भविष्य के कप्तान के रूप में उनकी चर्चा चल रही है. तिलक ने कहा कि वे काफी आत्मविश्वास से भरे हुए हैं. उन्होंने पहले भी दो सीरीज में कप्तानी की है और दलीप ट्रॉफी में भी अनुभव हासिल किया है.

मजबूत टीम के साथ उतरेगी इंडिया ए

इंडिया ए टीम इस बार काफी संतुलित और मजबूत नजर आ रही है. टीम में आईपीएल के कई सितारे शामिल हैं. उपकप्तान ऋतुराज गायकवाड़, प्रभसिमरन सिंह, प्रियांश आर्य, निशांत सिंधु, कुमार कुशाग्र, आयुष बदोनी और हरफनमौला सूर्यांश शेडगे बल्लेबाजी को मजबूती देंगे. गेंदबाजी विभाग में अंशुल कंबोज, अरशद खान, यश ठाकुर, विपराज निगम, युधवीर सिंह और अनुकूल रॉय जैसे गेंदबाज विपक्षी टीम को परेशान करने की क्षमता रखते हैं.

सीरीज का फॉर्मेट

इस त्रिकोणीय सीरीज में भारत ए, श्रीलंका ए और अफगानिस्तान ए शामिल हैं. हर टीम दूसरे दोनों विरोधियों से दो-दो मैच खेलेगी. अंक तालिका में टॉप-2 टीमें फाइनल में पहुंचेंगी. आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे से पहले यह सीरीज भारतीय खिलाड़ियों के लिए अच्छी तैयारी का मौका है.

भारत ए टीम: तिलक वर्मा (कप्तान), ऋतुराज गायकवाड़ (उपकप्तान), प्रियांश आर्य, वैभव सूर्यवंशी, आयुष बदोनी, निशांत सिंधु, सूर्यांश शेडगे, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), विपराज निगम, यश ठाकुर, युधवीर सिंह, अंशुल कंबोज, अरशद खान, अनुकूल रॉय.

Tags :

सम्बंधित खबर

Recent News