T20 World Cup 2026: सेमीफाइनल में पहुंची भारतीय टीम, हाईवोल्टेज मैच में संजू का शानदार 'शो'

आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 52वें मुकाबले में भारत ने वेस्टइंडीज को 5 विकेट से हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली.

Calendar
फॉलो करें:
Courtesy: X

कोलकाता: आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 52वें मुकाबले में भारत ने वेस्टइंडीज को 5 विकेट से हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली. कोलकाता में खेले गए इस मैच में भारत ने 196 रन का लक्ष्य आखिरी ओवर में हासिल किया. इस जीत के हीरो संजू सैमसन रहे. उन्होंने 97 रन की धमाकेदार पारी खेली. इस हार के साथ वेस्टइंडीज का टूर्नामेंट में सफर खत्म हो गया. अब भारतीय टीम की टक्कर 5 मार्च को इंग्लैंड से होगी.

संजू सैमसन का शानदार शो

लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम के सलामी बल्लेबाजों ने संभलकर खेलना शुरू किया, लेकिन तीसरे ओवर में अभिषेक शर्मा 10 रन बनाकर आउट हो गए. इसके बाद ईशान किशन भी ज्यादा देर टिक नहीं पाए और 10 रन बनाकर पवेलियन लौट गए. दो विकेट गिरने के बाद संजू सैमसन और कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पारी को संभाला और तेजी से रन बनाए. दोनों के बीच अच्छी साझेदारी हुई, जिससे भारत मैच में वापस आया.

सिर्फ 26 गेंदों में लगाया अर्धशतक

संजू सैमसन ने सिर्फ 26 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया और भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचाया. 10 ओवर के बाद भारत का स्कोर 98/2 था. 11वें ओवर में सूर्यकुमार यादव 18 रन बनाकर आउट हो गए, लेकिन इसके बाद सैमसन ने तिलक वर्मा के साथ तेजी से रन बनाए. तिलक वर्मा ने 27 रन की उपयोगी पारी खेली. अंतिम ओवरों में सैमसन और हार्दिक पांड्या ने टीम को लक्ष्य के करीब पहुंचाया. आखिरी ओवर में भारत को 7 रन चाहिए थे, जिसे सैमसन ने दो गेंदों में पूरा कर दिया और टीम को जीत दिलाई.

वेस्टइंडीज की सधी शुरूआत

पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज ने 20 ओवर में 4 विकेट पर 195 रन बनाए. शाई होप ने 32 और रोस्टन चेज ने 40 रन की अहम पारी खेली. अंतिम ओवर में पॉवेल और जेसन होल्डर ने तेजी से रन बनाकर टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया. भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह ने अहम समय पर दो विकेट लेकर वेस्टइंडीज की रन गति पर अंकुश लगाया. वहीं, वरुण चक्रवर्ती और हार्दिक पांड्या को भी एक-एक सफलता मिली.

Tags :