menu-icon
The Bharatvarsh News

टीम इंडिया की जर्सी मिलते ही छलके वैभव सूर्यवंशी के आंसू, VIDEO देख भावुक हो जाएंगे आप

आईपीएल 2026 में अपने बल्ले से कोहराम मचाने वाले 15 साल के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को जब टीम इंडिया की आधिकारिक जर्सी सौंपी गई, तो वह अपने आंसुओं और खुशी को रोक नहीं पाए.

Calendar Last Updated : 23 June 2026, 02:41 PM IST
Share:

नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट के इतिहास में सोमवार, 22 जून का दिन एक बेहद खूबसूरत और ऐतिहासिक पल का गवाह बना. आईपीएल 2026 में अपने बल्ले से कोहराम मचाने वाले महज 15 साल के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को जब टीम इंडिया की आधिकारिक जर्सी सौंपी गई, तो वह अपने आंसुओं और खुशी को रोक नहीं पाए. आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ आगामी टी20 इंटरनेशनल सीरीज के लिए भारतीय टीम में चुने गए वैभव को मिली इस खास जर्सी पर '3 स्टार' चमक रहे हैं, जो भारत के तीन टी20 वर्ल्ड कप खिताबों की शान को बयां करते हैं

शब्द नहीं हैं इस एहसास के लिए

वैभव सूर्यवंशी को यह पल बयां करने के लिए शब्द नहीं मिल रहे थे. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने अपने एक्स हैंडल पर एक बेहद भावुक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में वैभव को भारतीय टीम की नई किट और जर्सी लेते हुए देखा जा सकता है. जर्सी पहनने के बाद वैभव ने अपने दिल की बात साझा करते हुए कहा, 'इस पल को बयां करने के लिए मेरे पास शब्द नहीं हैं. जिस सपने के लिए मैंने जिंदगी में पहली बार हाथ में बल्ला थामा था, जिस सपने के साथ मैं पहली बार प्रैक्टिस करने क्रिकेट ग्राउंड पर गया था, वह आज सच हो गया. जिंदगी का जो सबसे मुख्य कदम होता है, उसे आज मैंने पूरा कर लिया है.'

भारतीय संस्कारों की दिखी झलक

वीडियो का सबसे खूबसूरत हिस्सा वह था जब भारतीय टीम के थ्रो-डाउन विशेषज्ञ रघु ने वैभव को उनकी किट से भरा हुआ बॉक्स और जर्सी सौंपी. इस दौरान दोनों ने एक-दूसरे का 'राम-राम' कहकर अभिवादन किया. जर्सी लेने के बाद वैभव ने भारतीय परंपरा का सम्मान करते हुए रघु के पैर छूकर उनका आशीर्वाद लिया. वैभव ने कहा, यह सब कुछ एक जादुई सपने जैसा लग रहा है. जब उन्होंने टी-शर्ट पर अपना नाम देखा, तो वह पूरी तरह अवाक रह गए.

श्रीलंका से सीधे यूके की उड़ान

वैभव का शेड्यूल इन दिनों बेहद व्यस्त रहा है. वह 21 जून तक श्रीलंका में 'इंडिया ए' के लिए ट्राई-नेशन वनडे सीरीज खेल रहे थे. इसके अगले ही दिन यानी 22 जून को वह भारत लौटे और बिना वक्त गंवाए थोड़ा आराम करने के बाद सीधे यूके दौरे के लिए रवाना हो गए.

इतिहास रचने की दहलीज पर 15 साल का यह धुरंधर

आयरलैंड दौरे में 26 जून को पहला और 28 जून को दूसरा टी20 इंटरनेशनल मैच खेला जाएगा. इसके तुरंत बाद 1 जुलाई से इंग्लैंड के खिलाफ 5 मैचों की कड़ी टी20 सीरीज की शुरुआत होगी. अगर वैभव सूर्यवंशी को आयरलैंड या इंग्लैंड के खिलाफ किसी भी मैच की प्लेइंग इलेवन में शामिल होने का मौका मिलता है, तो वह भारत के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू करने वाले देश के सबसे युवा खिलाड़ी बन जाएंगे.

सम्बंधित खबर

Recent News