नई दिल्ली: रविवार की शाम भारतीय टीम और भारतीय प्रसंशकों के नाम रही. आठ मार्च की शाम भारत ने न्यूजीलैंड को हराकर तीसरी बार टी20 विश्व कप का खिताब अपने नाम कर लिया है. जीत के बाद मैदान पर भारतीय खिलाड़ियों को जीत की खुशी थी, तो वहीं स्टैंड्स में मौजूद दिग्गज क्रिकेटरों की मौजूदगी ने भी इस पल को और खास बना दिया.
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस फाइनल मुकाबले को देखने के लिए कई बड़ी हस्तियां पहुंचीं थी. लेकिन सबसे ज्यादा जिसने सबका ध्यान अपनी ओर केंद्रित किया वह थे भारत के दो पूर्व विश्व कप विजेता कप्तान महेंद्र सिंह धोनी और रोहित शर्मा. दोनों दिग्गज वीआईपी बॉक्स में बैठे नजर आए. हालांकि इस दौरान फैंस को विराट कोहली की कमी खूब खली. अब सोशल मीडिया पर ये सवाल उठ रहे हैं कि आखिर क्यों विराट कोहली भारत के इस अहम मुकाबले को देखने नहीं पहुंचे.
भारत बनाम न्यूजीलैंड फाइनल मुकाबले में महेंद्र सिंह धोनी और रोहित शर्मा की मौजूदगी ने सबको खुश कर दिया था. लेकिन ये पूर्व विश्व विजेता कप्तान अहमदाबाद केवल फाइनल का मुकाबला देखने नहीं पहुंचे थे. उनके वहां पहुंचने के पीछे एक खास वजह बताई जा रही है.
दरअसल, दोनों खिलाड़ी टी20 विश्व कप जीतने वाले कप्तान हैं. इस कारण आयोजकों की ओर से दोनों पूर्व विजेता कप्तानों को फाइनल मुकाबला देखने के लिए विशेष रूप से आमंत्रित किया गया था. उनकी मौजूदगी इस मैच को और भी प्रतीकात्मक बना रही थी, क्योंकि मैदान पर खेल रही टीम उसी विरासत को आगे बढ़ा रही थी जिसे इन कप्तानों ने स्थापित किया था.
अब विराट कोहली के फाइनल में नहीं पहुंचने को लेकर कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं. प्रशंसकों ने सोशल मीडिया पर सवाल उठाए कि जब भारतीय क्रिकेट के इतने बड़े खिलाड़ी स्टेडियम में मौजूद थे, तो कोहली क्यों नहीं दिखाई दिए.
इन सवालों के बीच अब जानकारी मिल रही है कि कोहली को इस कार्यक्रम में किसी आधिकारिक भूमिका के तहत आमंत्रित नहीं किया गया था. क्योंकि उन्होंने कप्तान के रूप में टी20 विश्व कप नहीं जीता है, इसलिए इस विशेष आयोजन में उनकी औपचारिक भागीदारी तय नहीं थी. इसी वजह से वह फाइनल मुकाबले के दौरान स्टेडियम में नजर नहीं आए.