menu-icon
The Bharatvarsh News

CM मोहन यादव के कार्यक्रम से लौट रही बस में ट्रक ने मारी जोरदार टक्कर, 10 की मौत; एक व्यक्ति हाथ कटकर हुआ अलग

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और 20 से ज्यादा एंबुलेंस मौके पर भेजी गई. राहत और बचाव कार्य के दौरान सड़क पर लंबा जाम लग गया, जिसे हटाने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी.

Calendar Last Updated : 26 March 2026, 11:12 PM IST
Share:

मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसने कई परिवारों की खुशियां छीन ली. मोहखेड़ थाना क्षेत्र के सेमरिया हनुमान मंदिर के पास बस और ट्रक की आमने-सामने टक्कर में अब तक 10 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 20 से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं.

यह हादसा उमरानाला इलाके में शाम करीब 6:30 बजे हुआ. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस अनियंत्रित होकर पलट गई. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर के बाद कई यात्री बस के अंदर ही फंस गए और चारों ओर अफरा-तफरी मच गई. हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि कई लोगों को गंभीर चोटें आई, जबकि एक यात्री का हाथ कटकर अलग हो गया.

मौके पर 20 से ज्यादा एंबुलेंस

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और 20 से ज्यादा एंबुलेंस मौके पर भेजी गई. राहत और बचाव कार्य के दौरान सड़क पर लंबा जाम लग गया, जिसे हटाने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी. मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने हालात का जायजा लिया और मृतकों व घायलों के आंकड़े की पुष्टि की.

CM के कार्यक्रम से वापस लौटते समय हादसा

बताया जा रहा है कि बस में करीब 41 लोग सवार थे, जो एक सरकारी कार्यक्रम हितग्राही सम्मेलन से लौट रहे थे. यह कार्यक्रम CM मोहन यादव की मौजूदगी में आयोजित हुआ था. कार्यक्रम खत्म होने के बाद सभी लोग वापस अपने क्षेत्र की ओर जा रहे थे, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया.

प्रशासन के अनुसार, मृतकों में 6 पुरुष, 3 महिलाएं और एक बच्चा शामिल है. सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है. कुछ घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है.

जिला अस्पताल में इमरजेंसी अलर्ट

घटना के बाद जिला अस्पताल में इमरजेंसी अलर्ट जारी कर दिया गया है. डॉक्टरों की टीम लगातार घायलों का उपचार कर रही है. पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर राहत कार्यों की निगरानी कर रहे हैं. स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकाला गया. फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा हुआ है.

सम्बंधित खबर

Recent News