विशाखापत्तनम: विशाखापत्तनम से एक हैरान करने वाला मामला सामने आ रहा है. जिसने रिश्तों, धोखे और गुस्से की भयावह सच्चाई समाज के सामने लाकर रख दी है. बता दें एक नौसेना अधिकारी द्वारा अपनी ही प्रेमिका की हत्या ने पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया है.
पुलिस ने जानकारी दी कि भारतीय नौसेना में तैनात 35 वर्षीय चिंतदा रविंद्र ने अपनी 29 वर्षीय प्रेमिका पोलिपल्ली मौनिका को अपने घर बुलाया था. यह मुलाकात उस समय हुई जब उनकी पत्नी अपने मायके गई हुई थीं. हालांकि, यह मुलाकात एक दर्दनाक घटना में बदल गई,
पुलिस की तहकीकात में सामने आया कि रविंद्र और मौनिका की मुलाकात 2021 में एक डेटिंग ऐप के जरिए हुई थी. धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और वे अक्सर शहर के अलग-अलग जगहों पर मिलते थे. लेकिन समय के साथ उनके रिश्ते में तनाव भी बढ़ने लगा.
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि घटना वाले दिन दोनों के बीच तीखी बहस हुई. बहस विवाद में बदली और फिर जो हुआ वो आपसी रिश्तों पर सवाल खड़े करता है. आरोप है कि बहस के दौरान ही रविंद्र ने गुस्से में आकर मौनिका की हत्या कर दी.
प्रेमिका की हत्या के बाद शव के टुकड़े-टुकड़े कर दिए, कुछ हिस्सों को एक थैले में भरकर एक सुनसान जगह पर ले गया और उन्हें नष्ट कर दिया, जबकि बाकी हिस्सों को उसने अपने घर के फ्रिज में रख दिया.
हत्या के बाद आरोपी खुद पुलिस स्टेशन पहुंचा और अपना अपराध स्वीकार कर लिया. उसने दावा किया कि मौनिका ने उससे बड़ी रकम ली थी और उनके रिश्ते को उजागर करने की धमकी देती थी, जिससे वह मानसिक दबाव में था.
पुलिस ने मौके से अहम सबूत जुटाए और मामले की गहन जांच जारी है. कुछ अहम हिस्सों की तलाश के लिए विशेष टीम बनाई गई है. अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है. पुलिस मामले के हर पहलु से जांच कर रही है. ताकि कोई भी अहम एंगल या सबूत छूट न जाए.